केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर जनकल्याण योजनाओं से जुड़ रहे हितग्राही
एक छत के नीचे आमजनों को मिली कई सुविधाएं
बलरामपुर, 19 जून 2026/ प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित विकास के विश्वास के जनकल्याण कार्यक्रम के अंतर्गत विकासखंड शंकरगढ़ में तीन दिवसीय पंजीकरण शिविर का शुभारंभ किया गया। शिविर के प्रथम दिवस जनपद पंचायत सभाकक्ष शंकरगढ़ में सामरी विधायक श्रीमती उद्देश्वरी पैंकरा के मुख्य आतिथ्य में कार्यक्रम आयोजित हुआ।
शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा आमजन को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने हेतु आवेदन लिया गया एवं पंजीयन की कार्यवाही की गई। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा महतारी वंदन योजना के ई-केवाईसी के 9 तथा आधार कार्ड संबंधी 15 आवेदन प्राप्त किए गए। कृषि विभाग द्वारा एग्रीस्टेक पंजीयन के लिए 40 किसानों का पंजीयन किया गया। राजस्व विभाग को आय प्रमाण-पत्र के 4, निवास प्रमाण-पत्र के 3, जाति प्रमाण-पत्र के 2 तथा नामांतरण का 1 आवेदन प्राप्त हुआ। श्रम विभाग द्वारा श्रम पंजीयन के 4 आवेदन दर्ज किए गए।
इसी प्रकार समाज कल्याण विभाग द्वारा सामाजिक सुरक्षा पेंशन के 2 तथा खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग द्वारा नवीन राशन कार्ड एवं सदस्य जोड़ने संबंधी 9 आवेदन प्राप्त किए गए। शिविर के दौरान कृषि विभाग को प्राप्त एग्रीस्टेक पंजीयन के सभी 40 तथा श्रम विभाग को प्राप्त 4 आवेदनों का मौके पर ही निराकरण किया गया।
इस अवसर पर विधायक श्रीमती उद्देश्वरी पैकरा ने शिविर में प्राप्त शेष आवेदनों का समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने के लिए संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है तथा ऐसे शिविरों के माध्यम से आमजन को एक ही स्थान पर विभिन्न सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। इसलिए आवेदनों के निराकरण में तेजी लाएं।
शिविर में जनपद उपाध्यक्ष श्रीमती प्रियंवदा सिंह, अन्य जनप्रतिनिधिगण एवं खण्ड स्तरीय समस्त अधिकारी/कर्मचारी तथा ग्रामीणजन उपस्थित थे।




