शादी घर में नाबालिग से छेड़खानी! रायगढ़ पुलिस की त्वरित कार्रवाई, आरोपी युवक गिरफ्तार

3 Min Read

परिजनों की शिकायत मिलते ही पूंजीपथरा पुलिस सक्रिय, गंभीर धाराओं में मामला दर्ज

रायगढ़। जिले के थाना पूंजीपथरा क्षेत्र में नाबालिग बालिका से छेड़खानी के गंभीर मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। घटना की रिपोर्ट 9 मार्च को बालिका के परिजनों द्वारा थाना पूंजीपथरा में दर्ज कराई गई थी, जिसके बाद पुलिस ने तत्काल अपराध पंजीबद्ध कर जांच शुरू की और आरोपी को हिरासत में ले लिया।


शादी समारोह के दौरान पड़ोसी युवक ने बालिका को कमरे में खींचा

परिजनों द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, उनके घर से लगे परिवार में चचेरे देवर की शादी का कार्यक्रम चल रहा था और घर में मेहमानों की भीड़ थी। 8 मार्च 2026 की रात करीब 9:30 बजे सभी लोग भोजन कर रहे थे, तभी नाबालिग बालिका घर के बाहर बैठी थी। कुछ देर बाद जब वह दिखाई नहीं दी तो परिजनों ने खोजबीन शुरू की।

खोजते-खोजते परिजन पड़ोसी आकाश मांझी (19 वर्ष) के घर पहुंचे। दरवाजा खटखटाने पर आरोपी खुले बदन बाहर आया और बालिका के वहां न होने की बात कही। संदेह होने पर जब परिजन घर के अंदर गए तो कमरे से बालिका रोते हुए बाहर आई और बताया कि आरोपी उसे जबरन कमरे में खींचकर ले गया था और गलत हरकत करने की कोशिश कर रहा था। परिजनों की आवाज सुनकर वह उसे छोड़कर बाहर आ गया।


छेड़खानी और पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज, आरोपी ने कबूला जुर्म

महिला की शिकायत पर थाना पूंजीपथरा में अपराध क्रमांक 36/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 74, 351(3) और पॉक्सो एक्ट की धारा 8 के तहत अपराध दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर थाना प्रभारी निरीक्षक रामकिंकर यादव के नेतृत्व में महिला उपनिरीक्षक दीपिका निर्मलकर ने बालिका का बयान दर्ज किया और मेडिकल परीक्षण कराया गया।

पुलिस ने आरोपी आकाश मांझी (19 वर्ष) को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जहां उसने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।


एसएसपी का सख्त संदेश—बच्चों से जुड़े अपराध छिपाएं नहीं

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने इस मामले में सख्त संदेश देते हुए कहा कि अभिभावकों को अपने बच्चों की सुरक्षा और गतिविधियों पर विशेष ध्यान देना चाहिए। बच्चों के साथ होने वाले किसी भी प्रकार के अपराध को छिपाने के बजाय तुरंत पुलिस को सूचना दें, ताकि समय रहते आरोपियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जा सके। उन्होंने कहा कि महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा के लिए कानून में सख्त प्रावधान हैं और रायगढ़ पुलिस ऐसे मामलों में त्वरित और कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करेगी।

Share This Article