चिलचिलाती धूप में जनसेवा की मिसाल: सांसद चिंतामणि महाराज का भावुक कर देने वाला सूरजपुर प्रवास

By
Advertisement
Advertisement

सूरजपुर। तपती धूप, व्यस्ततम दिनचर्या और लगातार कार्यक्रमों के बीच भी यदि कोई जनप्रतिनिधि आमजन के सुख-दुख में बिना बुलाए पहुंच जाए, तो यह सिर्फ औपचारिकता नहीं, बल्कि सच्ची जनसेवा और संवेदनशीलता का प्रतीक बन जाता है। ऐसा ही भावुक और प्रेरणादायी दृश्य विगत दिवस सूरजपुर जिले में देखने को मिला, जब सांसद चिंतामणि महाराज का प्रवास केवल प्रोटोकॉल तक सीमित नहीं रहा, बल्कि जनमानस के दिलों को छू गया।

जारी कार्यक्रम के अनुसार सांसद ने भाजपा जिला कार्यालय में उपस्थिति दर्ज कर संगठनात्मक गतिविधियों में भाग लिया। इसके पश्चात भाजपा जिला महामंत्री शशिकांत गर्ग के भतीजी के वैवाहिक कार्यक्रम में शामिल होकर शुभकामनाएं दीं। भैयाथान में भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश पदाधिकारी अमन प्रताप सिंह के विवाह समारोह में भी उन्होंने अपनी गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कराई। लेकिन इन निर्धारित कार्यक्रमों के बीच जो तस्वीर सामने आई, उसने सांसद चिंतामणि महाराज को एक अलग ही पहचान दी। सोशल मीडिया में वायरल हो रही तस्वीरों और वीडियो ने यह साफ कर दिया कि वे केवल मंच तक सीमित नेता नहीं, बल्कि जमीनी स्तर पर लोगों के बीच रहने वाले जनप्रतिनिधि हैं।

व्यस्त कार्यक्रमों के बावजूद जैसे ही उन्हें सूरजपुर नगर के प्रतिष्ठित व्यापारी पीआरए ग्रुप के संचालक प्रहलाद राय अग्रवाल के परिवार में शोक की सूचना मिली, वे तत्काल शोकाकुल परिवार के बीच पहुंच गए। के.के. अग्रवाल की धर्मपत्नी के निधन पर उन्होंने परिजनों से मिलकर गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं। उनके इस आत्मीय व्यवहार ने शोक संतप्त परिवार को संबल प्रदान किया और उपस्थित लोगों की आंखें नम हो गईं।

यही नहीं, सांसद ने ग्राम पंचायत रैसरी पहुंचकर रामकुमार पैकरा की पुत्री ज्योति के विवाह में शामिल होकर नवविवाहित जोड़े को आशीर्वाद दिया। इसके बाद ग्राम पंचायत चेन्द्रा में रामरतन की पुत्री ललिता, ग्राम भाड़ी के शिवनंदन राम की पुत्री दिया कुमारी तथा रामबरन पैकरा की पुत्री के विवाह समारोह में भी पहुंचकर उन्होंने अपनी सादगी और अपनत्व का परिचय दिया।

इन कार्यक्रमों की सबसे खास बात यह रही कि अधिकांश स्थानों पर सांसद बिना किसी औपचारिक निमंत्रण के पहुंचे। ग्रामीणों ने भावुक होकर बताया कि “हम जैसे गरीब परिवारों के घर सांसद जी का आना हमारे लिए सपने जैसा है। आज तक ऐसा कभी नहीं हुआ कि कोई जनप्रतिनिधि बिना बुलाए हमारे सुख-दुख में शामिल हुआ हो।”
चिलचिलाती धूप में लगातार गांव-गांव पहुंचकर लोगों से मिलना, उनका हालचाल जानना और हर वर्ग के बीच सहज रूप से घुल-मिल जाना—यह दर्शाता है कि सांसद चिंतामणि महाराज केवल पद के प्रतिनिधि नहीं, बल्कि दिलों के भी प्रतिनिधि हैं।

उनका यह दौरा न केवल जनसंपर्क की दृष्टि से महत्वपूर्ण रहा, बल्कि यह भी साबित कर गया कि सच्चा जनप्रतिनिधि वही होता है, जो हर परिस्थिति में जनता के साथ खड़ा रहे—चाहे वह खुशी का अवसर हो या दुख की घड़ी। सांसद की यह संवेदनशील पहल अब पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है। लोग खुले दिल से उनकी सराहना कर रहे हैं और यह कहने से नहीं चूक रहे कि “ऐसे जनप्रतिनिधि ही लोकतंत्र की असली ताकत होते हैं।”

Advertisement
Share This Article