कुठौंद में आयुष फाउंडेशन ट्रस्ट की पहल, बुजुर्गों और जरूरतमंद महिलाओं को बांटे अंगवस्त्र व कंबल

कुठौंद, जालौन। विकासखंड कुठौंद के कस्बे में आयुष फाउंडेशन ट्रस्ट के सहयोग से जरूरतमंद बुजुर्गों, असहाय लोगों और महिलाओं को अंगवस्त्र एवं कंबल वितरित किए गए। कार्यक्रम का आयोजन पीआरपीएम पब्लिक स्कूल कुठौंद के नवनिर्मित भवन में किया गया। इस दौरान स्वास्थ्य, आयुर्वेद और संतुलित जीवनशैली के प्रति लोगों को जागरूक भी किया गया।

आयुर्वेदिक जीवनशैली अपनाने पर दिया जोर

विद्यालय के प्रबंधक राजीव कुमार मिश्रा ने लोगों को आयुर्वेद पद्धति के माध्यम से स्वस्थ जीवन जीने की प्रेरणा दी। उन्होंने जड़ी-बूटियों, सुरक्षित खानपान, संयम और नियमित दिनचर्या को जीवन में अपनाने के साथ समाज सेवा के लिए भी आगे आने का संदेश दिया।

गर्म पानी, मोटा अनाज और संतुलित खानपान की सलाह

डॉ. अवध किशोर पाठक ने स्वस्थ रहने के लिए दैनिक दिनचर्या की जानकारी दी। उन्होंने सुबह खाली पेट गर्म पानी पीने, मौसमी फल, दलिया और मोटे अनाज को भोजन में शामिल करने की सलाह दी। साथ ही दोपहर के भोजन में सलाद लेने और रात आठ बजे के बाद भोजन से परहेज करने की बात कही। उन्होंने संतुलित जीवनशैली को निरोगी रहने का महत्वपूर्ण आधार बताया।

कई गणमान्य नागरिक रहे उपस्थित

कार्यक्रम की अध्यक्षता बड़े पाठक ने की। इस अवसर पर वटन शुक्ला, जगत सिंह गोरा, अतुल मिश्रा, सुरेश सिंह राजावत, मान सिंह चौहान और पूर्व ब्लॉक प्रमुख आरएल शर्मा सहित अन्य गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

Share This Article