बारिश और तेज हवाओं से बचाने धान उपार्जन केंद्रों में होंगे पुख्ता इंतजाम, 20 से 22 नवंबर तक मुख्यालय में रहेंगे केंद्र प्रभारी

रायगढ़। खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के तहत समर्थन मूल्य पर धान खरीदी और उपार्जित धान की सुरक्षा को लेकर जिला प्रशासन ने सतर्कता बढ़ा दी है। संभावित बारिश, नमी और तेज हवाओं से धान को नुकसान से बचाने के लिए जिले के सभी उपार्जन केंद्रों में जरूरी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी ने स्पष्ट किया है कि मौसम की प्रतिकूल परिस्थितियों के बावजूद भंडारित धान सुरक्षित रहना चाहिए।

कैप कवर और तिरपाल से ढके जाएंगे धान के स्टैक

जिले की 79 सहकारी समितियों के अंतर्गत संचालित सभी धान उपार्जन केंद्रों में पर्याप्त मात्रा में कैप कवर, पन्नी और तिरपाल उपलब्ध रखने के निर्देश दिए गए हैं। तेज हवाओं से बचाव के लिए धान के स्टैक को रस्सियों से मजबूती से बांधने तथा जमीन की नमी से सुरक्षा के लिए डनेज यानी चबूतरे, लकड़ी या भूसे की परत की व्यवस्था करने को कहा गया है।

जल निकासी और नालियों की सफाई पर विशेष जोर

उपार्जन केंद्रों के फड़ के आसपास पानी निकासी की समुचित व्यवस्था करने और नालियों की सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि बारिश का पानी जमा न हो। प्रशासन ने केंद्र प्रभारियों को धान के प्रत्येक स्टैक की नियमित निगरानी करने और सुरक्षा संबंधी सभी इंतजाम दुरुस्त रखने को कहा है।

20 से 22 नवंबर तक मुख्यालय में रहेंगे केंद्र प्रभारी

धान खरीदी और भंडारण व्यवस्था की निगरानी के लिए सभी उपार्जन केंद्र प्रभारियों और समिति कर्मचारियों को 20 से 22 नवंबर तक अनिवार्य रूप से मुख्यालय में उपस्थित रहने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं, खाद्य अधिकारियों को नोडल अधिकारियों के माध्यम से प्रत्येक शनिवार और रविवार को सभी उपार्जन केंद्रों का भौतिक सत्यापन कराने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इस दौरान कैप कवर, डनेज, तिरपाल, जल निकासी और धान के सुरक्षित भंडारण की व्यवस्थाओं की जांच की जाएगी।

जिले में अब तक 1,308.72 मीट्रिक टन धान की खरीदी

खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 में रायगढ़ जिले में कुल 84,501 किसान पंजीकृत हैं। इनका कुल पंजीकृत रकबा 1,25,163.923 हेक्टेयर है। अब तक 232 किसान 250.328 हेक्टेयर रकबे का धान बेच चुके हैं। जिले में निर्धारित 5,42,580.94 मीट्रिक टन खरीदी लक्ष्य के मुकाबले अब तक 1,308.72 मीट्रिक टन मोटा धान खरीदा जा चुका है। प्रशासन का जोर खरीदी के साथ-साथ उपार्जित धान के सुरक्षित भंडारण पर है, ताकि किसानों की उपज को मौसम की मार से बचाया जा सके।

Share This Article