अनजान APK लिंक भेजकर बिछाया ठगी का जाल
मामला जगदलपुर के पुराने बस स्टैंड स्थित पारस प्रोविजन स्टोर का है। यहां दुकान संचालित करने वाले 52 वर्षीय शिशुपाल जैन के मोबाइल पर साइबर ठगों ने APK फाइल का लिंक भेजा था। पीड़ित ने जैसे ही मोबाइल पर आए लिंक को टच किया, उनके फोन पर OTP प्राप्त हुआ। इसके बाद OTP साझा करते ही ठगों ने उनके बैंक खाते से 3.19 लाख रुपये निकाल लिए।
कोतवाली थाने में दर्ज कराई शिकायत
बैंक खाते से रकम निकलने की जानकारी मिलने के बाद शिशुपाल जैन ने कोतवाली थाने पहुंचकर पुलिस से शिकायत की। बस्तर के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुखनंदन राठौर ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि शिकायत के आधार पर आरोपियों के खिलाफ साइबर फ्रॉड और आईटी एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया गया है। फिलहाल मामले की जांच जारी है।
साइबर टीम जुटा रही लेनदेन की जानकारी
पुलिस की साइबर टीम ठगी की रकम किन बैंक खातों में ट्रांसफर हुई है, इसका पता लगाने में जुटी है। इसके साथ ही वारदात में इस्तेमाल किए गए डिजिटल माध्यमों और तकनीकी साक्ष्यों की जांच की जा रही है, ताकि आरोपियों तक पहुंचा जा सके।
अनजान लिंक और OTP साझा करने से बचें
लगातार बढ़ रहे साइबर अपराधों के बीच पुलिस लोगों को सतर्क रहने की सलाह दे रही है। किसी अनजान नंबर से आए APK फाइल या संदिग्ध लिंक को डाउनलोड अथवा ओपन नहीं करना चाहिए। साथ ही बैंकिंग से जुड़ा OTP, पासवर्ड और अन्य गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा नहीं करनी चाहिए।


