1 नवंबर से 58% की जगह 60% मिलेगा DA-DR, प्रदेश के 3.85 लाख कर्मचारी और करीब 1.5 लाख पेंशनर होंगे लाभान्वित
रायपुर। दीपावली से पहले छत्तीसगढ़ के शासकीय कर्मचारियों और पेंशनरों को राज्य सरकार ने बड़ी राहत दी है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने महंगाई भत्ता (DA) और महंगाई राहत (DR) में 2 प्रतिशत की वृद्धि करने की घोषणा की है। इस फैसले के बाद अब कर्मचारियों को 58 प्रतिशत के बजाय 60 प्रतिशत महंगाई भत्ता मिलेगा। नई दर 1 नवंबर से प्रभावी होगी।
3.85 लाख कर्मचारी और डेढ़ लाख पेंशनरों को लाभ
मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया पर इसकी जानकारी साझा करते हुए कहा कि राज्य सरकार के इस निर्णय से प्रदेश के लगभग 3.85 लाख शासकीय कर्मचारियों और करीब डेढ़ लाख पेंशनरों को फायदा मिलेगा। महंगाई भत्ते और महंगाई राहत में बढ़ोतरी से कर्मचारियों और पेंशनरों को आर्थिक राहत मिलेगी।
शिक्षक फेडरेशन ने लगातार उठाई थी मांग
छत्तीसगढ़ प्रदेश शिक्षक फेडरेशन के संगठन सचिव आलोक शुक्ला द्वारा महंगाई भत्ते में वृद्धि की मांग लगातार उठाई जा रही थी। संगठन की ओर से कर्मचारियों को केंद्र के समान महंगाई भत्ता देने की मांग की गई थी। इसी बीच मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने 2 प्रतिशत DA-DR बढ़ाने की घोषणा कर दी।
मुख्यमंत्री ने दी दीपावली की शुभकामनाएं
मुख्यमंत्री साय ने इस फैसले को कर्मचारियों और पेंशनरों के लिए दीपावली से पहले राहत बताते हुए कहा कि इससे उनके परिवारों की दिवाली और अधिक रोशन होगी।
