बस्तर। राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु ने बस्तर की आराध्य देवी माँ दंतेश्वरी के मंदिर पहुंचकर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। उन्होंने माँ दंतेश्वरी के दर्शन कर देशवासियों के सुख-समृद्धि, खुशहाली और मंगलमय जीवन की कामना की। मंदिर परिसर में राष्ट्रपति का परंपरागत ढंग से स्वागत किया गया।
इस अवसर पर छत्तीसगढ़ के राज्यपाल रमेन डेका और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने भी माँ दंतेश्वरी के दर्शन किए। दोनों ने प्रदेशवासियों की सुख-शांति, समृद्धि और निरंतर प्रगति की कामना की।
बस्तर की आस्था और लोकजीवन का अभिन्न हिस्सा हैं माँ दंतेश्वरी
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि बस्तर अंचल के लोगों की माँ दंतेश्वरी के प्रति अटूट श्रद्धा है। माँ दंतेश्वरी बस्तर की आस्था और लोकजीवन का अभिन्न हिस्सा हैं। राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु का माँ दंतेश्वरी के दर्शन-पूजन के लिए आगमन बस्तर और पूरे छत्तीसगढ़ के लिए गौरव का अवसर है।
जनजातीय संस्कृति को मिलेगी राष्ट्रीय पहचान
मुख्यमंत्री ने कहा कि बस्तर अपनी अनुपम जनजातीय संस्कृति, प्राचीन परंपराओं और विशिष्ट जीवन मूल्यों के लिए देश-दुनिया में अलग पहचान रखता है। यहां की परंपराओं में प्रकृति, आस्था और समाज के बीच गहरा संबंध देखने को मिलता है।
राष्ट्रपति के प्रवास से बस्तर की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और पारंपरिक जीवनशैली को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान और सम्मान मिलेगा। राष्ट्रपति का माँ दंतेश्वरी मंदिर में दर्शन-पूजन बस्तर की धार्मिक आस्था और सांस्कृतिक परंपराओं के महत्व को भी रेखांकित करता है।


