राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु का रायपुर आगमन, राज्यपाल रमेन डेका और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने किया स्वागत

Advertisement

मुख्यमंत्री बोले—बस्तर दशहरा और मुरिया दरबार में राष्ट्रपति की सहभागिता छत्तीसगढ़ के लिए गौरव का अवसर

रायपुर। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के गुरुवार को रायपुर आगमन पर स्वामी विवेकानंद विमानतल में राज्यपाल रमेन डेका और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने उनका आत्मीय स्वागत किया। मुख्यमंत्री ने प्रभु श्रीराम के ननिहाल और माता कौशल्या की पावन धरा छत्तीसगढ़ की समस्त जनता की ओर से राष्ट्रपति का हार्दिक स्वागत एवं अभिनंदन किया।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि ऐतिहासिक बस्तर दशहरा और मुरिया दरबार में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु की सहभागिता छत्तीसगढ़ के लिए गौरव का अवसर है। उनकी उपस्थिति से प्रदेश की समृद्ध जनजातीय संस्कृति और गौरवशाली परंपराओं को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिलेगी।

उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति का यह प्रवास छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक विरासत को सम्मान देने के साथ ही प्रदेश की विशिष्ट परंपराओं को सामने लाने का अवसर है। मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि राष्ट्रपति की उपस्थिति से विकसित छत्तीसगढ़ के संकल्प को नई ऊर्जा मिलेगी।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु अपने दो दिवसीय छत्तीसगढ़ प्रवास के दौरान रायपुर में विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होंगी। शुक्रवार को वे जगदलपुर पहुंचकर बस्तर दशहरा की ऐतिहासिक परंपरा मुरिया दरबार में हिस्सा लेंगी और लालबाग मैदान में आयोजित आमसभा को संबोधित करेंगी।

Share This Article