दीपक गुप्ता की खास रिपोर्ट
मरवाही। गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही जिले के मरवाही थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत कटरा चिल्हन में गुरुवार सुबह भालू के हमले से एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के बाद ग्रामीणों की मदद से महिला को तत्काल आपातकालीन एंबुलेंस सेवा 108 के माध्यम से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मरवाही पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार जारी है। समय पर पहुंची 108 की टीम ने प्राथमिक उपचार कर घायल महिला को अस्पताल पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई।
सुबह बाड़ी की ओर जा रही महिला पर भालू ने किया हमला
जानकारी के अनुसार, ग्राम कटरा चिल्हन निवासी लीलावती, पति शिवनाथ, गुरुवार सुबह करीब 6 बजे अपने घर से बाड़ी की ओर काम करने जा रही थीं। इसी दौरान जंगल से भटककर आए तीन भालुओं में से एक ने उन पर हमला कर दिया। अचानक हुए हमले में महिला गंभीर रूप से घायल हो गईं।
ग्रामीणों ने शोर मचाकर भालू को जंगल की ओर खदेड़ा
महिला की चीख सुनकर आसपास खेतों में काम कर रहे ग्रामीण मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने शोर मचाकर भालू को जंगल की ओर खदेड़ा। इसके बाद परिजनों ने बिना देर किए 108 आपातकालीन एंबुलेंस सेवा को सूचना दी, ताकि घायल महिला को जल्द से जल्द चिकित्सा सहायता मिल सके।
108 की टीम ने मौके पर पहुंचकर किया प्राथमिक उपचार
सूचना मिलते ही 108 आपातकालीन सेवा के ईएमटी कमलेश कुमार प्रजापति और पायलट भूपत सिंह घटनास्थल पर पहुंचे। ईएमटी कमलेश कुमार प्रजापति ने मौके पर ही घायल महिला का प्राथमिक उपचार किया और रक्तस्राव को नियंत्रित करने के बाद उन्हें एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मरवाही पहुंचाया।
अस्पताल में उपचार जारी, हालत स्थिर
चिकित्सकों के अनुसार, घायल महिला की हालत फिलहाल स्थिर है और उनका उपचार जारी है। घटना के बाद ग्रामीणों ने आपातकालीन सूचना मिलने पर तत्परता से मौके पर पहुंचने और घायल महिला को अस्पताल पहुंचाने के लिए 108 एंबुलेंस सेवा की टीम की सराहना की।
जंगल से लगे ग्रामीण क्षेत्रों में वन्यजीवों की आवाजाही के बीच इस घटना ने एक बार फिर सतर्कता और समय पर चिकित्सा सहायता की आवश्यकता को रेखांकित किया है।


