रामपुर में ‘आंगन मिलन’ कार्यक्रम, गोदभराई-अन्नप्राशन के साथ उत्कृष्ट कार्यकर्ताओं का सम्मान

पोषण और स्वास्थ्य योजनाओं की दी गई जानकारी, स्वस्थ बच्चे प्रतियोगिता के विजेताओं को मिला पुरस्कार

रामपुर। सेवा संकल्प अभियान के तहत करतला विकासखंड के ग्राम रामपुर स्थित पुष्पांजलि चौक आंगनबाड़ी केंद्र में आंगन मिलन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में गर्भवती माताओं, बच्चों, महिलाओं और ग्रामीणों को पोषण, स्वास्थ्य तथा महिला एवं बाल विकास विभाग से जुड़ी योजनाओं और सेवाओं की जानकारी दी गई।

दीप प्रज्वलन के साथ हुआ कार्यक्रम का शुभारंभ

कार्यक्रम की शुरुआत ग्राम पंचायत रामपुर की सरपंच सुलोचना विजय राठिया, उपसरपंच राजेश अग्रवाल, गौ सेवक जिला अध्यक्ष विनय सिंह राठिया एवं पंचगण ने मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलित कर की। इसके बाद मितानिन पुष्पा श्रीवास और आंगनबाड़ी कार्यकर्ता करुणा चौहान ने सरस्वती वंदना प्रस्तुत की।

मुख्य अतिथियों के स्वागत के बाद सेक्टर सुपरवाइजर कौशिल्या बरेठ ने आंगन मिलन कार्यक्रम के उद्देश्य और आंगनबाड़ी केंद्र के माध्यम से उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि आंगनबाड़ी केंद्र बच्चों, गर्भवती महिलाओं और शिशुवती माताओं के पोषण एवं स्वास्थ्य से जुड़ी महत्वपूर्ण सेवाएं उपलब्ध कराने का माध्यम है।

‘घर-घर मुनगा, हर घर मुनगा’ का दिया संदेश

कार्यक्रम में मदन लाल श्रीवास ने पोषण और स्वास्थ्य से संबंधित जानकारी साझा की। उन्होंने ‘घर-घर मुनगा, हर घर मुनगा’ अभियान के महत्व पर प्रकाश डालते हुए मुनगा के पत्तों सहित इसके विभिन्न उपयोगी भागों में मौजूद पोषक तत्वों और आयरन के महत्व की जानकारी ग्रामीणों को दी।

गर्भवती माताओं की गोदभराई और बच्चों का अन्नप्राशन

आंगन मिलन कार्यक्रम के दौरान गर्भवती माताओं की गोदभराई और बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार कराया गया। इस अवसर पर मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य तथा पोषण से जुड़े विषयों पर भी जानकारी दी गई।

वहीं उत्कृष्ट कार्य करने वाली आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं को प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया। स्वास्थ्य विभाग की ओर से बेहतर कार्य करने वाली मितानिनों को डायरी और पेन प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।

बच्चों को खिलौने और प्रतियोगिता विजेताओं को पुरस्कार

सेवा संकल्प अभियान के तहत उपसरपंच राजेश अग्रवाल ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ता किरण चौहान के बच्चों के लिए बड़े आकार के हाथी-घोड़ा खिलौने प्रदान किए।

इसके अलावा स्वस्थ बच्चे प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले रियांश चौहान और सयम पटेल को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।

पौष्टिक व्यंजनों और पोषण सामग्री की प्रदर्शनी

कार्यक्रम के दौरान आंगनबाड़ी केंद्र में तैयार किए गए विभिन्न प्रकार के पौष्टिक व्यंजन, पोषण चार्ट, हरी साग-सब्जियां और पोषण सामग्री प्रदर्शित की गई। मुख्य अतिथियों और ग्रामीणों ने प्रदर्शनी का अवलोकन किया।

स्रोत एनजीओ से शेषनारायण साहू ने आंगनबाड़ी केंद्र के माध्यम से हितग्राहियों को मिलने वाली विभिन्न सेवाओं एवं योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने ग्रामीणों से आंगनबाड़ी केंद्र की सेवाओं का अधिक से अधिक लाभ लेने का आग्रह किया।

कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों ने नेवता भोज में सहभागिता की। कार्यक्रम में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, मितानिन, स्वास्थ्य कार्यकर्ता, सरपंच, पंचगण, हितग्राही और बड़ी संख्या में ग्रामीणजन मौजूद रहे। आयोजन के माध्यम से महिला एवं बाल विकास, स्वास्थ्य, पोषण और शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रति जागरूकता बढ़ाने का प्रयास किया गया।

Share This Article