जनरल स्टोर का शटर तोड़कर चोरी करने वाले 3 आरोपी गिरफ्तार, दो नाबालिग भी शामिल

Advertisement

कोतवाली पुलिस ने दो बोरियों में रखा चोरी का गुटखा और 1,700 रुपये किए बरामद, CCTV फुटेज व मुखबिर की सूचना से आरोपियों तक पहुंची पुलिस

रायगढ़, 1 अक्टूबर 2026। शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र में जनरल स्टोर का शटर तोड़कर नकदी और गुटखा चोरी करने के मामले में पुलिस ने एक युवक समेत दो विधि से संघर्षरत बालकों को पकड़ा है। पुलिस के अनुसार आरोपियों के कब्जे से चोरी किया गया राजश्री गुटखा और 1,700 रुपये नकद बरामद किए गए हैं। तीनों को सक्षम न्यायालय के समक्ष पेश कर रिमांड पर भेजा गया है।

शटर उठाकर दुकान में घुसे थे आरोपी

पुलिस के अनुसार सिंधी कॉलोनी, कच्ची खोली निवासी हरिचंद अंबुवानी ने 27 सितंबर को कोतवाली थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि कालीबाड़ी, सिविल लाइन स्थित दीपक जनरल स्टोर को 26 सितंबर की रात करीब 10 बजे बंद कर वे घर चले गए थे।

अगली सुबह दुकान पहुंचने पर शटर क्षतिग्रस्त मिला। दुकान के भीतर सामान बिखरा हुआ था और गल्ले में रखी नकदी के साथ राजश्री गुटखा के करीब 200 पैकेट गायब थे। पुलिस के मुताबिक चोरी हुए गुटखे की कीमत लगभग 25 हजार रुपये बताई गई।

CCTV फुटेज और मुखबिर की सूचना से मिली अहम कड़ी

शिकायत के आधार पर कोतवाली पुलिस ने अपराध क्रमांक 544/2026 के तहत बीएनएस की धारा 331(4) और 305 में मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ आसपास लगे CCTV कैमरों के फुटेज खंगाले और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया।

इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि जेलपारा जूटमिल निवासी विवेकानंद चौहान (24 वर्ष) अपने साथियों के साथ चोरी किए गए राजश्री गुटखे को कम कीमत पर बेचने की बात कर रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने विवेकानंद और एक विधि से संघर्षरत बालक को पकड़कर पूछताछ की।

पूछताछ में चोरी की वारदात का खुलासा

पुलिस के मुताबिक पूछताछ में दोनों ने बताया कि 26-27 सितंबर की दरम्यानी रात लोहे की रॉड की मदद से दुकान का शटर ऊपर उठाकर अंदर प्रवेश किया था। इसके बाद CCTV कैमरे को क्षतिग्रस्त कर दुकान से नकदी और गुटखा चोरी किया गया।

पुलिस के अनुसार चोरी की रकम आपस में बांटने के बाद गुटखे को रेलवे ट्रैक के पास छिपाया गया था। अगले दिन गुटखा बेचने के लिए एक अन्य नाबालिग साथी को एक बोरी दी गई थी।

दो बोरियों में गुटखा और नकदी बरामद

पुलिस ने मामले में विवेकानंद चौहान सहित दो विधि से संघर्षरत बालकों को पकड़ा। उनकी निशानदेही पर दो छोटी बोरियों में रखा राजश्री गुटखा और 1,700 रुपये नकद बरामद किए गए।

पुलिस ने तीनों को सक्षम न्यायालय के समक्ष पेश कर रिमांड पर भेज दिया है। मामले में आगे की विवेचना जारी है।

पुलिस टीम की रही अहम भूमिका

चोरी के सामान और आरोपियों की पतासाजी में थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक अमित तिवारी, प्रधान आरक्षक दिग्विजय वैष्णव सहित हमराह पुलिस स्टाफ की भूमिका रही।

Share This Article