बाड़ी में छिपाकर रखी थी महुआ शराब, कोतरारोड़ पुलिस ने 9 लीटर के साथ आरोपी को पकड़ा

“ऑपरेशन आघात” के तहत कार्रवाई, बिक्री के लिए शराब रखने का आरोप; आबकारी एक्ट में केस दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर भेजा

रायगढ़, 27 सितंबर 2026। जिले में अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन आघात” के तहत कोतरारोड़ पुलिस ने ग्राम नंदेली के इंदिरा आवास पारा में कार्रवाई करते हुए एक व्यक्ति को महुआ शराब के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी अपनी बाड़ी में शराब छिपाकर रखे हुए था और उसे अवैध रूप से बेचने की तैयारी में था। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने उसके कब्जे से कुल 9 लीटर महुआ शराब बरामद की है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 900 रुपये बताई गई है।

मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने की घेराबंदी

पुलिस के मुताबिक, 26 सितंबर को कोतरारोड़ थाना प्रभारी निरीक्षक शील आदित्य सिंह को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम नंदेली के इंदिरा आवास पारा में एक व्यक्ति ने अपनी बाड़ी में बिक्री के लिए महुआ शराब छिपाकर रखी है।

सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और बताए गए स्थान पर घेराबंदी कर संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ा। पूछताछ में उसकी पहचान मनबोध चौहान (40), पिता पीला राम चौहान, निवासी नंदेली इंदिरा आवास पारा, थाना कोतरारोड़, जिला रायगढ़ के रूप में हुई।

दो जरीकेन में मिली 9 लीटर शराब

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 5-5 लीटर क्षमता वाली दो प्लास्टिक जरीकेन बरामद कीं। इनमें कुल 9 लीटर महुआ शराब पाई गई। पुलिस ने गवाहों की मौजूदगी में शराब जब्त कर जब्ती पंचनामा तैयार किया।

पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ धारा 34(2) और 59(क) आबकारी एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर कार्रवाई की गई। इसके बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

पुलिस टीम की रही अहम भूमिका

कार्रवाई में प्रधान आरक्षक रवि साय, आरक्षक अजय साय, बंशी रात्रे, मनोज यादव तथा महिला आरक्षक कस्तुरी राठिया की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस ने जिले में अवैध शराब के खिलाफ अभियान के तहत कार्रवाई लगातार जारी रखने की बात कही है।

Share This Article