हाई रिस्क प्रसूता के लिए देवदूत बनी संजीवनी 108, चलती एंबुलेंस में कराया सुरक्षित प्रसव

रास्ते में बिगड़ी महिला की हालत, ईएमटी ने संभाली स्थिति; जिला अस्पताल में कराया गया भर्ती

मरवाही। आपात स्थिति में संजीवनी 108 एंबुलेंस सेवा एक बार फिर प्रसूता के लिए जीवनरक्षक साबित हुई। हाई रिस्क गर्भवती महिला को जिला अस्पताल ले जाते समय रास्ते में अचानक प्रसव पीड़ा बढ़ गई और उसकी हालत बिगड़ने लगी। ऐसे में एंबुलेंस के ईएमटी ने सूझबूझ दिखाते हुए सीमित संसाधनों के बीच सुरक्षित प्रसव कराया। इसके बाद जच्चा और बच्चा दोनों को जिला अस्पताल पहुंचाकर भर्ती कराया गया।

दो बार हो चुका था ऑपरेशन, बढ़ा हुआ था बीपी

जानकारी के अनुसार घटना 26 सितंबर 2026 की मध्यरात्रि की है। ग्राम पंचायत चगेरी निवासी पूनम केवट (36 वर्ष), पति दिनेश केवट को प्रसव पीड़ा होने पर परिजनों ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) मरवाही में भर्ती कराया था।

चिकित्सकों की जांच में सामने आया कि महिला के पहले दो प्रसव ऑपरेशन के जरिए हुए थे। इसके अलावा इस बार उसका ब्लड प्रेशर भी बढ़ा हुआ था। इन परिस्थितियों को देखते हुए चिकित्सकों ने गर्भवती को हाई रिस्क श्रेणी में रखते हुए बेहतर उपचार के लिए जिला अस्पताल रेफर किया।

जिला अस्पताल ले जाते समय अचानक बिगड़ी हालत

पूनम को संजीवनी 108 एंबुलेंस से जिला अस्पताल ले जाया जा रहा था। इसी दौरान रास्ते में उसे अचानक तेज प्रसव पीड़ा शुरू हो गई। कुछ ही देर में प्रसव की स्थिति बनने लगी और महिला की हालत बिगड़ने लगी।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए एंबुलेंस में तैनात ईएमटी कमलेश कुमार ने तत्काल पायलट बादल रजक को वाहन रोकने के लिए कहा। समय की नजाकत को देखते हुए मौके पर ही प्रसव कराने का निर्णय लिया गया।

सीमित संसाधनों में कराया सुरक्षित प्रसव

परिजनों की सहमति और मितानिन बेला बाई की मदद से ईएमटी कमलेश कुमार ने एंबुलेंस में उपलब्ध सीमित संसाधनों के बीच सुरक्षित प्रसव कराया। प्रसव के बाद जच्चा और नवजात दोनों की स्थिति को संभालते हुए उन्हें तत्काल आगे के उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया गया।

डॉक्टर के निर्देशन में आगे का उपचार

जिला अस्पताल पहुंचने के बाद ईआरसीपी डॉ. नितेंद्र कंवर के निर्देशन में आवश्यक उपचार उपलब्ध कराया गया। इसके बाद जच्चा और बच्चे को अस्पताल में भर्ती कर लिया गया, जहां दोनों को चिकित्सकीय निगरानी में रखा गया।

परिजनों ने 108 टीम का जताया आभार

मुश्किल परिस्थिति में एंबुलेंस के भीतर प्रसव कराने और समय पर जच्चा-बच्चा को अस्पताल पहुंचाने पर परिजनों ने संजीवनी 108 के ईएमटी कमलेश कुमार और पायलट बादल रजक का आभार जताया। परिजनों ने दोनों कर्मचारियों के तत्काल निर्णय और सूझबूझ की सराहना करते हुए उन्हें धन्यवाद दिया।

Share This Article