खिलाड़ियों के भोजन की शिकायत पर खेल विभाग सख्त, 24 घंटे में मांगा जवाब

Advertisement
Advertisement

अभिषेक कुमार पाण्डेय

रिपोर्टर बिलासपुर छत्तीसगढ़

बहतराई एक्सीलेंस सेंटर में डाइट की गुणवत्ता पर उठे सवाल, भोजन प्रदायक फर्म और विभागीय अधिकारी को नोटिस

बिलासपुर, 22 सितंबर 2026। बहतराई स्थित खेलो इंडिया स्टेट सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में खिलाड़ियों को उपलब्ध कराए जा रहे भोजन की गुणवत्ता को लेकर मिली शिकायत के बाद खेल एवं युवा कल्याण विभाग ने तत्काल कार्रवाई शुरू कर दी है। विभाग ने मामले में बिलासपुर के संबंधित विभागीय सहायक संचालक और भोजन उपलब्ध कराने वाली फर्म को नोटिस जारी कर 24 घंटे के भीतर स्पष्टीकरण और तथ्यात्मक प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।

जांच के लिए दो अधिकारियों की समिति गठित

खिलाड़ियों की डाइट से जुड़े मामले को गंभीरता से लेते हुए खेल एवं युवा कल्याण विभाग की संचालक आकांक्षा शिक्षा खलखो ने संबंधित अधिकारी और भोजन प्रदायक फर्म से जवाब मांगा है।

मामले की वास्तविक स्थिति का पता लगाने के लिए संचालनालय स्तर से दो खेल अधिकारियों की जांच समिति गठित की गई है। समिति बहतराई स्थित खेलो इंडिया स्टेट सेंटर ऑफ एक्सीलेंस पहुंचकर शिकायत से जुड़े तथ्यों और मौके की वस्तुस्थिति का परीक्षण करेगी।

जांच पूरी होने के बाद समिति अपना तथ्यात्मक प्रतिवेदन संचालनालय को सौंपेगी। रिपोर्ट में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई किए जाने की बात विभाग ने कही है।

भोजन की गुणवत्ता में लापरवाही पर कार्रवाई के संकेत

संचालक आकांक्षा शिक्षा खलखो ने कहा कि खिलाड़ियों के भोजन, स्वास्थ्य और बुनियादी सुविधाओं के मामले में किसी भी तरह की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों को निर्धारित मानकों के अनुरूप स्वच्छ, पौष्टिक और गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराना विभाग की प्राथमिकता है।

उन्होंने स्पष्ट किया कि जांच के दौरान यदि किसी प्रकार की अनियमितता या लापरवाही सामने आती है तो संबंधितों के विरुद्ध नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

खिलाड़ियों की डाइट और सुविधाओं पर विभाग की नजर

खेल एवं युवा कल्याण विभाग ने संबंधित अधिकारियों और सेवा प्रदाताओं को खिलाड़ियों के हित में निर्धारित मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। विभाग के अनुसार खिलाड़ियों के प्रशिक्षण के साथ उनकी डाइट और मूलभूत सुविधाओं की गुणवत्ता भी महत्वपूर्ण है और इन मामलों में किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।

Advertisement
Share This Article