रायगढ़ में 126.92 करोड़ के विकास कार्यों को मिली रफ्तार, चार नए प्रोजेक्ट की घोषणा

Advertisement
Advertisement

अभिषेक कुमार पाण्डेय

रिपोर्टर बिलासपुर छत्तीसगढ़

सेवा संकल्प अभियान के तहत लोकार्पण-भूमिपूजन कार्यक्रम, पीएम आवास हितग्राहियों को सौंपी गई आवास की प्रतीकात्मक चाबी

रायगढ़, 21 सितंबर 2026। सेवा संकल्प अभियान के तहत रायगढ़ में विकास कार्यों को गति देने के उद्देश्य से सोमवार को संत पूज्य श्री प्रियदर्शी राम जी ऑडिटोरियम, पंजरी प्लांट में लोकार्पण एवं भूमिपूजन कार्यक्रम आयोजित किया गया। उप मुख्यमंत्री अरुण साव के मुख्य आतिथ्य में नगर निगम और लोक निर्माण विभाग से जुड़े कुल 126.92 करोड़ रुपये के विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया गया।

कार्यक्रम के दौरान उप मुख्यमंत्री ने शहर के लिए चार अतिरिक्त विकास कार्यों की घोषणा की। वहीं वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक ओपी चौधरी दिल्ली से वर्चुअली कार्यक्रम में जुड़े। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत पूर्ण हो चुके मकानों के हितग्राहियों को प्रतीकात्मक रूप से आवास की चाबी भी प्रदान की गई।

संजय मार्केट से मरीन ड्राइव तक चार नए कार्यों की घोषणा

उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने शहर की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए चार नए कार्यों की घोषणा की। इनमें संजय मार्केट के निर्माण एवं उन्नयन के लिए 15.67 करोड़ रुपये, रामलीला मैदान के विकास, मंच एवं पवेलियन निर्माण के लिए 5 करोड़ रुपये, तालाब संरक्षण एवं सौंदर्यीकरण के लिए 4.99 करोड़ रुपये तथा केवड़ाबाड़ी से मरीन ड्राइव तक सनलाइजेशन कार्य के लिए 9.97 करोड़ रुपये शामिल हैं।

विकास कार्यों के लिए राशि की कमी नहीं होगी : साव

उप मुख्यमंत्री साव ने कहा कि रायगढ़ तेजी से विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है और जिले को विकसित बनाने के लिए विभिन्न क्षेत्रों में काम किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से विकास कार्यों को गति देने के साथ नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने पर भी जोर दिया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि रायगढ़ नगर निगम की ओर से करीब 10 करोड़ रुपये के विभिन्न विकास कार्यों की सूची उन्हें दी गई है। इन कार्यों के लिए जल्द स्वीकृति मिलने की बात भी उन्होंने कही। साव ने कहा कि रायगढ़ के विकास के लिए राशि की कमी नहीं होने दी जाएगी।

सड़क, नाली और नागरिक सुविधाओं पर जोर

अरुण साव ने कहा कि शहर में सड़क, नाली, जल निकासी, बाजार, खेल और अन्य मूलभूत सुविधाओं से जुड़े कार्य प्राथमिकता के आधार पर किए जा रहे हैं। उन्होंने रायगढ़ की औद्योगिक गतिविधियों के साथ उसकी सांस्कृतिक और ऐतिहासिक पहचान का भी उल्लेख किया।

उन्होंने निर्माण एजेंसियों को निर्धारित कार्यों में तेजी लाने के साथ गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए।

ढाई साल में 384 करोड़ से अधिक की स्वीकृति का दावा

वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक ओपी चौधरी ने दिल्ली से वर्चुअली कार्यक्रम को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि रायगढ़ के विकास के लिए लगातार योजनाबद्ध तरीके से कार्य किए जा रहे हैं।

चौधरी के अनुसार पिछले ढाई वर्षों में रायगढ़ नगर निगम को विभिन्न योजनाओं के तहत 384.66 करोड़ रुपये के कार्यों की स्वीकृति मिली है। उन्होंने लोक निर्माण विभाग के माध्यम से जिले में सड़क, भवन और पुल सहित विभिन्न कार्यों के लिए 1426 करोड़ रुपये की स्वीकृति का भी उल्लेख किया।

रिंग रोड और फोरलेन परियोजनाओं का भी उल्लेख

वित्त मंत्री ने बताया कि रायगढ़ रिंग रोड के लिए भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। उन्होंने रायगढ़-घरघोड़ा फोरलेन और पूंजीपथरा-तमनार फोरलेन परियोजनाओं में आगे बढ़ रहे कार्यों की जानकारी दी।

इसके अलावा तमनार-उरगा-लैलूंगा, तमनार बाईपास, कया-कमतरा-चरखापारा-ससकोबा-बंधनपुर तथा कोड़ातराई-पुसौर फोरलेन सहित अन्य सड़क परियोजनाओं का भी उन्होंने उल्लेख किया।

चौधरी ने रायगढ़ में स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, संगीत महाविद्यालय भवन और वर्किंग वूमेन हॉस्टल जैसे प्रस्तावित एवं जारी कार्यों की जानकारी देते हुए कहा कि शहर की अधोसंरचना को उसकी औद्योगिक पहचान के अनुरूप मजबूत किया जा रहा है।

जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे मौजूद

कार्यक्रम को लोकसभा सांसद राधेश्याम राठिया, राज्यसभा सांसद देवेंद्र प्रताप सिंह और महापौर जीवर्धन चौहान ने भी संबोधित किया।

इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष शिखा रवींद्र गबेल, सभापति डिग्री लाल साहू, अरुणधर दीवान, गुरुपाल भल्ला, सुभाष पाण्डेय, श्रीकांत सोमावार, विकास केडिया, अनुपम पाल, जतीन साव, अरुण कातोरे, पवन अग्रवाल, कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशिमोहन सिंह, डीएफओ अरविंद पीएम, जिला पंचायत सीईओ अभिजीत बबन पठारे, नगर निगम के पार्षदगण सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।

Advertisement
Share This Article