24 घंटे में लूटकांड का खुलासा, युवक समेत दो विधि से संघर्षरत बालक पकड़े गए

Advertisement
Advertisement

ओवरब्रिज के नीचे तुलसी होटल के सामने प्लांटकर्मी से 1500 रुपये की लूट का मामला

रायगढ़, 19 सितंबर। शहर के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र में हुई लूटपाट के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के भीतर एक युवक समेत दो विधि से संघर्षरत बालकों को पकड़ लिया है। पुलिस के अनुसार आरोपियों ने ओवरब्रिज के नीचे तुलसी होटल के सामने एक प्लांटकर्मी के साथ विवाद और मारपीट करने के बाद उसकी जेब से 1500 रुपये लूट लिए थे।

ट्रेन की जानकारी लेने स्टेशन पहुंचा था युवक

पुलिस के मुताबिक प्रार्थी बबलू चौहान, उम्र 29 वर्ष, मूल रूप से बिहार के रोहतास जिले का रहने वाला है और वर्तमान में नटवरपुर स्थित मां मंगला फैक्टरी लेबर कॉलोनी में रहता है। 17 सितंबर की रात वह अपने गांव जाने के लिए ट्रेन की जानकारी लेने रायगढ़ रेलवे स्टेशन पहुंचा था।

रात करीब 8:30 बजे खाना खाने के बाद वह ओवरब्रिज के नीचे तुलसी होटल के सामने सड़क पर मौजूद था। इसी दौरान तीन युवक उसके पास पहुंचे और पैसों की मांग को लेकर विवाद करने लगे।

मारपीट के बाद जेब से निकाले 1500 रुपये

पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार विवाद बढ़ने पर तीनों आरोपियों ने युवक के साथ मारपीट की। इसी दौरान एक नाबालिग ने ब्लेड से उसे चोट पहुंचाई और उसकी पैंट की जेब में रखे 1500 रुपये लेकर तीनों मौके से फरार हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही सिटी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और पीड़ित से आरोपियों के हुलिए की जानकारी जुटाई।

CCTV फुटेज से आरोपियों तक पहुंची पुलिस

पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास लगे CCTV कैमरों के फुटेज खंगाले। हुलिए और फुटेज के आधार पर पुलिस ने तीन संदेहियों की पहचान की। इनमें शनि वैष्णव के साथ दो विधि से संघर्षरत बालक शामिल थे।

पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए तीनों को पकड़ लिया। पूछताछ के दौरान आरोपियों द्वारा घटना में शामिल होना स्वीकार किए जाने की बात पुलिस ने कही है।

लूट की पूरी रकम और वारदात में इस्तेमाल ब्लेड बरामद

पुलिस के अनुसार आरोपियों के मेमोरेंडम के आधार पर शनि वैष्णव के कब्जे से 1000 रुपये नकद और एक विधि से संघर्षरत बालक के पास से 500 रुपये बरामद किए गए। वहीं दूसरे विधि से संघर्षरत बालक के कब्जे से घटना में प्रयुक्त ब्लेड बरामद किया गया है।

पुलिस ने बताया कि आरोपी शनि वैष्णव का पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड भी रहा है।

न्यायालय में पेश किए गए आरोपी

पुलिस ने बरामदगी के बाद आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करते हुए उन्हें सक्षम न्यायालय के समक्ष पेश किया। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।

पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी सिटी कोतवाली निरीक्षक अमित तिवारी, उप निरीक्षक ऐनु देवांगन, विजय एक्का एवं हमराह स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Advertisement
Share This Article