दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे में स्वरचित हिंदी काव्य पाठ एवं गीत गायन प्रतियोगिता आयोजित

Advertisement
Advertisement

अभिषेक कुमार पाण्डेय

रिपोर्टर, बिलासपुर छत्तीसगढ़

राजभाषा पखवाड़ा-2026 के तहत रेलवे मुख्यालय और नगर राजभाषा कार्यान्वयन समिति के प्रतिभागियों ने दी प्रस्तुतियां

बिलासपुर। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, बिलासपुर जोनल कार्यालय में आयोजित किए जा रहे राजभाषा पखवाड़ा-2026 के अंतर्गत 18 सितंबर को जोनल रेलवे सभाकक्ष में स्वरचित हिंदी काव्य पाठ एवं गीत गायन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में रेलवे मुख्यालय तथा नगर राजभाषा कार्यान्वयन समिति, बिलासपुर से जुड़े कार्यालयों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने हिस्सा लिया।

साहित्यकारों ने निभाई निर्णायक की भूमिका

प्रतियोगिता का आयोजन प्रधान मुख्य वाणिज्य प्रबंधक एवं मुख्य राजभाषा अधिकारी श्री बिजय कुमार के मार्गदर्शन में किया गया। वरिष्ठ साहित्यकार श्री के.के. पाठक और वरिष्ठ साहित्यकार श्री महेश श्रीवास ने निर्णायक की भूमिका निभाई।

कार्यक्रम के दौरान विभिन्न कार्यालयों से पहुंचे प्रतिभागियों ने अपनी स्वरचित हिंदी कविताओं का पाठ किया। इसके साथ ही प्रतिभागियों ने गीतों की प्रस्तुतियां देकर कार्यक्रम को साहित्यिक और सांगीतिक रंग प्रदान किया।

अच्छा साहित्य समाज को दिशा देता है : के.के. पाठक

निर्णायक एवं वरिष्ठ साहित्यकार-गजलकार श्री के.के. पाठक ने प्रतिभागियों की प्रस्तुतियों की सराहना की। उन्होंने कहा कि साहित्य समाज को प्रभावित करने के साथ उसे सकारात्मक दिशा देने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

उन्होंने सरकारी कामकाज के साथ दैनिक बोलचाल में हिंदी के अधिकाधिक उपयोग पर जोर दिया। उनके अनुसार हिंदी का प्रयोग बढ़ने से इसका प्रचार-प्रसार लगातार व्यापक हो रहा है। उन्होंने कहा कि हिंदीतर भाषी राज्यों के साथ-साथ विदेशों में भी हिंदी को सम्मान और स्वीकार्यता मिल रही है। इस अवसर पर श्री पाठक ने अपनी गजल की प्रस्तुति भी दी।

प्रतिभागियों की रचनाओं की सराहना

दूसरे निर्णायक श्री महेश श्रीवास ने सभी प्रतिभागियों की रचनाओं को सराहनीय बताया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक प्रस्तुति में अलग-अलग भाव और विचार देखने को मिले, जिनसे सीखने का अवसर मिला।

उन्होंने प्रतिभागियों को निरंतर काव्य लेखन और मंचीय प्रस्तुति का अभ्यास करते रहने की सलाह दी, ताकि उनकी रचनात्मक प्रतिभा में और निखार आ सके।

15 अधिकारियों-कर्मचारियों ने लिया हिस्सा

प्रतियोगिता में दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे मुख्यालय, बिलासपुर सहित नगर स्थित केंद्रीय कार्यालयों, निगमों एवं उपक्रमों के कुल 15 अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भाग लिया। आयोजन के माध्यम से राजभाषा हिंदी के प्रयोग को प्रोत्साहित करने के साथ कर्मचारियों की साहित्यिक एवं रचनात्मक प्रतिभा को मंच प्रदान किया गया।

Advertisement
Share This Article