राष्ट्रीय खेल दिवस पर ताइक्वांडो प्रतियोगिता का आयोजन, 80 खिलाड़ियों ने लिया हिस्सा

Advertisement
Advertisement

अर्जुनी के स्वामी आत्मानंद स्कूल में हुई प्रतियोगिता, मेजर ध्यानचंद को श्रद्धांजलि देकर खिलाड़ियों ने लिया खेल संस्कृति को बढ़ावा देने का संकल्प

बलौदाबाजार। राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर जिला ओलंपिक संघ बलौदाबाजार और क्रीड़ा भारती के संयुक्त तत्वावधान में खेल सप्ताह का आयोजन किया जा रहा है। इसके तहत जिले के विभिन्न स्थानों पर अलग-अलग खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही हैं। इसी क्रम में अर्जुनी स्थित स्वामी आत्मानंद स्कूल परिसर में ताइक्वांडो प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें जिलेभर से करीब 80 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया।

मेजर ध्यानचंद को किया याद

प्रतियोगिता की शुरुआत हॉकी के महान खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद के खेल जीवन और देश के लिए उनके योगदान को याद करते हुए की गई। आयोजन स्थल पर मेजर ध्यानचंद के चित्र पर पूजा-अर्चना कर श्रद्धांजलि अर्पित की गई, जिसके बाद प्रतियोगिता का शुभारंभ हुआ।

इस अवसर पर मौजूद खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और अतिथियों ने सामूहिक रूप से क्षेत्र में खेल संस्कृति को मजबूत करने और अधिक से अधिक युवाओं को खेलों से जोड़ने का संकल्प लिया।

जिलेभर के खिलाड़ियों ने दिखाया हुनर

ताइक्वांडो प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे खिलाड़ियों ने उत्साह के साथ भाग लिया। खिलाड़ियों ने अलग-अलग मुकाबलों में अपनी तकनीक, अनुशासन और खेल कौशल का प्रदर्शन किया। आयोजन का उद्देश्य युवाओं को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करने के साथ उन्हें प्रतियोगी मंच उपलब्ध कराना भी रहा।

आयोजन में इनकी रही भूमिका

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिला ओलंपिक संघ के सचिव आदित्य सिंह उपस्थित रहे।

प्रतियोगिता को सफल बनाने में जिला ताइक्वांडो संघ के सचिव अखिलेश कैवर्त्य, यास्मीन अफरोज सहित रेफरी रजनी लहरे, दिनेश साहू, आदित्य अग्रवाल, होरी लाल साहू, लेखु प्रसाद और रमा टंडन का सहयोग रहा।

आयोजकों ने कहा कि खेल सप्ताह के माध्यम से जिले के युवाओं को विभिन्न खेलों से जोड़ने और खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए लगातार प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही हैं।

Advertisement
Share This Article