बिलासपुर रेलवे आरक्षण केंद्र में टिकट दलाली का खुलासा, चार आरोपी गिरफ्तार

Advertisement
Advertisement

अभिषेक कुमार पाण्डेय

रिपोर्टर, बिलासपुर छत्तीसगढ़

आरपीएफ मुख्यालय टीम की कार्रवाई, व्हाट्सऐप चैट से टिकटों की खरीद-फरोख्त के साक्ष्य मिलने का दावा

बिलासपुर। रेलवे आरक्षण केंद्रों पर टिकटों की दलाली और अनधिकृत तरीके से टिकट बुकिंग के खिलाफ दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे की आरपीएफ मुख्यालय टीम ने कार्रवाई की है। आरपीएफ के अनुसार, गुरुवार सुबह करीब 8 बजे बिलासपुर मुख्य रेलवे आरक्षण केंद्र से चार युवकों को पकड़ा गया। आरोप है कि ये युवक लंबी दूरी की ट्रेनों के कंफर्म टिकट बुक कराकर कमीशन के लिए एक नेटवर्क के साथ काम कर रहे थे।

प्रति टिकट 250 से 300 रुपये कमीशन का आरोप

आरपीएफ की पूछताछ के अनुसार, पकड़े गए युवक उत्तर प्रदेश के जंघई निवासी रविंद्र कुमार के नेटवर्क के लिए काम कर रहे थे। आरोप है कि रविंद्र कुमार के कहने पर युवक सुबह आरक्षण केंद्र के काउंटर पर लाइन लगाकर कंफर्म टिकट निकलवाते थे। इसके बदले उन्हें प्रत्येक टिकट पर 250 से 300 रुपये तक कमीशन मिलने की बात सामने आई है।

चार आरोपी पकड़े गए

आरपीएफ के अनुसार पकड़े गए आरोपियों की पहचान इस प्रकार हुई है—

  • शुभम रजक (25 वर्ष) — तारबहार, वार्ड क्रमांक 29, बिलासपुर
  • लक्की चौधरी (24 वर्ष) — खुदीराम बोस चौक, तारबहार, बिलासपुर
  • तरुण निर्मलकर (26 वर्ष) — खुदीराम बोस चौक, तारबहार, बिलासपुर
  • अविनाश राज (28 वर्ष) — खुदीराम बोस चौक, तारबहार, बिलासपुर

मोबाइल की जांच में व्हाट्सऐप चैट मिलने का दावा

आरपीएफ ने आरोपियों के मोबाइल फोन की जांच की। टीम के अनुसार, मोबाइल में व्हाट्सऐप चैट के जरिए टिकटों की खरीद-फरोख्त और लेनदेन से संबंधित जानकारी मिली। कार्रवाई के दौरान चार स्मार्टफोन और एलटीटी से मऊ एवं जंघई रूट के दो काउंटर टिकट जब्त किए गए।

जब्त टिकटों की कुल कीमत 8,460 रुपये बताई गई है। इनके पीएनआर क्रमांक 835-3780944 और 883-4531436 बताए गए हैं।

रेल अधिनियम के तहत मामला दर्ज

कार्रवाई के बाद चारों आरोपियों को जब्त सामग्री सहित आरपीएफ पोस्ट बिलासपुर को सौंप दिया गया। आरपीएफ ने आरोपियों के खिलाफ रेल अधिनियम की धारा 143 के तहत अपराध क्रमांक 3525/26 दर्ज किया है।

आरपीएफ के अनुसार, मामले की जांच जारी है और नेटवर्क से जुड़े उत्तर प्रदेश के जंघई निवासी रविंद्र कुमार की तलाश की जा रही है। जांच के दौरान टिकट दलाली से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका भी सामने आने की संभावना है।

Advertisement
Share This Article