30 कर्मचारियों ने लिया उत्साहपूर्वक हिस्सा, कार्यालयीन कामकाज में हिंदी के प्रयोग पर हुई चर्चा
बिलासपुर, 18 सितंबर 2026। बिलासपुर रेल मंडल में 14 सितंबर से 28 सितंबर 2026 तक राजभाषा पखवाड़ा मनाया जा रहा है। मंडल रेल प्रबंधक श्री राकेश रंजन के मार्गदर्शन में राजभाषा विभाग द्वारा हिंदी के प्रयोग एवं प्रचार-प्रसार को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विभिन्न प्रतियोगिताओं और कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है।
कर्मचारियों के लिए हिंदी कार्यशाला आयोजित
इसी क्रम में 17 सितंबर 2026 को अपराह्न मंडल के हिंदी पुस्तकालय-सह-हिंदी प्रशिक्षण कक्ष में कर्मचारियों के लिए हिंदी कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में मंडल के करीब 30 कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
राजभाषा नियम और नीतियों की दी गई जानकारी
कार्यशाला के दौरान कर्मचारियों को वर्ष 2026-27 के लिए हिंदी प्रयोग के वार्षिक कार्यक्रम की जानकारी दी गई। इसके साथ ही राजभाषा अधिनियम, राजभाषा नियम, राजभाषा नीति तथा रेलवे बोर्ड एवं गृह मंत्रालय द्वारा लागू विभिन्न पुरस्कार योजनाओं के बारे में विस्तार से बताया गया।
कार्यालयीन कामकाज में आने वाली कठिनाइयों पर चर्चा
कार्यशाला में कार्यालयीन कार्यों में हिंदी के प्रयोग के दौरान कर्मचारियों के सामने आने वाली व्यवहारिक कठिनाइयों पर भी चर्चा की गई। इन कठिनाइयों को दूर करने के उपायों और कार्यालयीन कामकाज में हिंदी के अधिकाधिक प्रयोग को सुगम बनाने के संबंध में आवश्यक जानकारी दी गई।




