बिलासपुर मंडल में ‘स्वच्छता ही सेवा-2026’ अभियान का आगाज

Advertisement
Advertisement

अभिषेक कुमार पाण्डेय

रिपोर्टर, बिलासपुर छत्तीसगढ़

‘स्वच्छता में सहभाग, स्वच्छ भारत, विकसित भारत’ थीम पर आयोजित होंगे जागरूकता कार्यक्रम

बिलासपुर, 17 सितंबर 2026। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के बिलासपुर मंडल में रेलवे बोर्ड के निर्देशानुसार ‘स्वच्छता में सहभाग, स्वच्छ भारत, विकसित भारत’ थीम के साथ ‘स्वच्छता ही सेवा (SHS)-2026’ अभियान की शुरुआत की गई। यह अभियान 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक चलेगा। अभियान के दौरान स्वच्छता के साथ जनजागरूकता और लोगों की भागीदारी बढ़ाने के लिए विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

विद्यार्थियों ने किया ‘स्वच्छता ज्ञान यात्रा’ में हिस्सा

अभियान के पहले दिन रेलवे स्कूल के विद्यार्थियों के लिए ‘स्वच्छता ज्ञान यात्रा’ आयोजित की गई। इस दौरान विद्यार्थियों को रेलवे परिसर में स्थित कोच वॉशिंग लाइन, वॉटर रीसाइक्लिंग प्लांट और बायो टॉयलेट प्लांट का भ्रमण कराया गया।

विद्यार्थियों ने इन सुविधाओं की कार्यप्रणाली को करीब से समझा और रेलवे द्वारा स्वच्छता, जल संरक्षण तथा पर्यावरण संरक्षण के लिए अपनाई जा रही तकनीकी व्यवस्थाओं की जानकारी प्राप्त की।

जल के पुनर्चक्रण और उपयोग की समझी प्रक्रिया

भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों को बताया गया कि रेलवे में कोचों की सफाई के दौरान पानी की खपत कम करने के साथ इस्तेमाल किए गए पानी के उपचार और पुनः उपयोग के लिए किस तरह की व्यवस्थाएं की गई हैं।

वॉटर रीसाइक्लिंग प्लांट में पानी को उपचारित कर दोबारा उपयोग करने की प्रक्रिया को विद्यार्थियों ने प्रत्यक्ष रूप से जाना। वहीं बायो टॉयलेट प्लांट के माध्यम से जैविक तकनीक के जरिए स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के महत्व की जानकारी दी गई।

कचरा अलग करने से लेकर वर्षाजल संचयन तक की दी जानकारी

‘स्वच्छता ज्ञान यात्रा’ के दौरान विद्यार्थियों को सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट, सोर्स सेग्रीगेशन, रेनवाटर हार्वेस्टिंग, जल संरक्षण और स्वच्छता जैसे विषयों के बारे में जागरूक किया गया।

उन्हें समझाया गया कि गीले और सूखे कचरे को शुरुआत में ही अलग रखना, कचरे का उचित निस्तारण करना, पानी की अनावश्यक बर्बादी रोकना और आसपास साफ-सफाई बनाए रखना जैसी आदतें स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण तैयार करने में अहम भूमिका निभाती हैं।

स्वच्छता को जनभागीदारी से जोड़ने पर जोर

‘स्वच्छता ज्ञान यात्रा’ का उद्देश्य विद्यार्थियों को केवल स्वच्छता के प्रति जागरूक करना ही नहीं, बल्कि उन्हें पर्यावरण संरक्षण और संसाधनों के बेहतर उपयोग की व्यावहारिक प्रक्रियाओं से जोड़ना भी रहा।

बिलासपुर मंडल में 2 अक्टूबर तक चलने वाले ‘स्वच्छता ही सेवा-2026’ अभियान के दौरान विभिन्न गतिविधियों के जरिए स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने और अधिक से अधिक लोगों को इस अभियान से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।

Advertisement
Share This Article