रायगढ़ में 18 सितंबर को नसों एवं हड्डियों से जुड़ी समस्याओं का विशाल स्वास्थ्य शिविर

Advertisement
Advertisement

दीनदयाल रतेरिया एवं गीता देवी रतेरिया की स्मृति में होगा आयोजन, जबलपुर के विशेषज्ञ चिकित्सक करेंगे मरीजों की जांच

रायगढ़। शहर के ढिमरापुर क्षेत्र में विभिन्न नसों, हड्डियों और जोड़ों से जुड़ी स्वास्थ्य समस्याओं के उपचार एवं परामर्श के लिए विशाल स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया जा रहा है। यह शिविर समाजसेवी एवं नेत्रदानी स्वर्गीय दीनदयाल रतेरिया तथा मातृश्री स्वर्गीय गीता देवी रतेरिया की पुण्य स्मृति में आयोजित होगा।

18 सितंबर को दोपहर 12 बजे से लगेगा शिविर

आयोजकों के अनुसार स्वास्थ्य शिविर का आयोजन 18 सितंबर 2026, शुक्रवार को दोपहर 12 बजे से शाम 6:30 बजे तक किया जाएगा। शिविर का आयोजन ढिमरापुर स्थित आशीर्वाद पुरम कॉलोनी के बगल में, बड़े रामपुर नगर वन गार्डन गेट के सामने दीनदयाल रतेरिया बगीचा, रायगढ़ में होगा।

शिविर में जबलपुर स्थित निरोग धाम के विशेषज्ञ चिकित्सक मरीजों की जांच कर स्वास्थ्य संबंधी परामर्श एवं उपचार की जानकारी देंगे।

नसों, कमर, घुटने और जोड़ों की समस्याओं की होगी जांच

आयोजक नरेंद्र रतेरिया के अनुसार शिविर में नसों और हड्डियों से संबंधित कई तरह की समस्याओं को लेकर आने वाले मरीजों की जांच की जाएगी। इनमें गठिया, आर्थराइटिस, लिगामेंट इंजरी, ऑस्टियोपोरोसिस, नसों का दबना, पुरानी चोट, स्लिप डिस्क, साइटिका, कमर एवं पीठ दर्द, पैरों में भारीपन और झुनझुनी जैसी समस्याएं शामिल हैं।

इसके अलावा कंधे एवं कूल्हे के दर्द, रीढ़ की हड्डी से संबंधित समस्या, हर्पीस के बाद होने वाले नसों के दर्द तथा शरीर के विभिन्न हिस्सों में गांठ जैसी समस्याओं के संबंध में भी चिकित्सकीय परामर्श उपलब्ध रहेगा।

बच्चों की स्वास्थ्य समस्याओं पर भी मिलेगा परामर्श

शिविर में बच्चों से संबंधित कुछ शारीरिक एवं विकास संबंधी समस्याओं की भी जांच की जाएगी। आयोजकों के मुताबिक एड़ी उठाकर चलने, हाथ-पैरों में तिरछापन, कम सुनाई देना या कम दिखाई देना, शारीरिक विकास में देरी तथा सेरेब्रल पाल्सी जैसी स्थितियों को लेकर भी विशेषज्ञों से परामर्श लिया जा सकेगा।

मरीजों से शिविर का लाभ लेने की अपील

आयोजक नरेंद्र रतेरिया ने क्षेत्र के लोगों से स्वास्थ्य शिविर में पहुंचकर विशेषज्ञ चिकित्सकों से जांच एवं परामर्श लेने की अपील की है। शिविर का उद्देश्य विभिन्न स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रहे लोगों को विशेषज्ञ चिकित्सकीय सलाह उपलब्ध कराना है।

संपर्क के लिए नंबर जारी

शिविर से संबंधित जानकारी और पंजीयन के लिए इन मोबाइल नंबरों पर संपर्क किया जा सकता है—

9425572180
9648812398
7869405187

Advertisement
Share This Article