बिलासपुर में फोरम ऑफ रिटायर्ड डिप्लोमा इंजीनियर्स ने मनाया अभियंता दिवस, छह छात्राओं की शिक्षा की जिम्मेदारी ली
बिलासपुर। भारत रत्न सर मोक्षगुंडम विश्वेश्वरैया की जयंती के अवसर पर मनाए जाने वाले अभियंता दिवस पर फोरम ऑफ रिटायर्ड डिप्लोमा इंजीनियर्स, जिला समिति बिलासपुर की ओर से विशेष समारोह आयोजित किया गया। जल संसाधन परिसर स्थित प्रार्थना भवन में आयोजित कार्यक्रम में कलेक्टर संजय अग्रवाल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।
विकास कार्यों में अभियंताओं की भूमिका महत्वपूर्ण
कलेक्टर संजय अग्रवाल ने कहा कि देश के विकास और आधारभूत संरचना को मजबूत करने में अभियंताओं की भूमिका महत्वपूर्ण है। जल, थल और नभ से जुड़े विभिन्न क्षेत्रों में अभियंता तकनीकी योगदान के जरिए राष्ट्र निर्माण में अपनी जिम्मेदारी निभा रहे हैं।
उन्होंने सर एम. विश्वेश्वरैया के जीवन, अनुशासन और कार्य के प्रति समर्पण से युवा पीढ़ी को प्रेरणा लेने की बात कही। कलेक्टर ने सेवानिवृत्त अभियंताओं द्वारा सामाजिक गतिविधियों में किए जा रहे योगदान की सराहना करते हुए कहा कि उनके अनुभव का लाभ समाज और विकास कार्यों में लगातार लिया जाना चाहिए।
छह छात्राओं की एक साल की शिक्षा का जिम्मा
समारोह के दौरान फोरम ने तेजस्विनी कन्या छात्रावास की छह छात्राओं की एक वर्ष की शिक्षा और देखरेख की जिम्मेदारी लेने की पहल की। इस संबंध में छात्रावास की अधीक्षिका सुलभा ताई को सहयोग राशि का चेक सौंपा गया।
नेपाल बाढ़ पीड़ितों के लिए 11 हजार रुपये की सहायता
फोरम की ओर से नेपाल में बाढ़ से प्रभावित लोगों की मदद के लिए 11 हजार रुपये की राहत राशि देने की घोषणा भी की गई। संगठन ने सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यों को आगे बढ़ाने की प्रतिबद्धता जताई।
400 जरूरतमंद मेधावी विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति
जिला समिति के सदस्य इं. आर.के. दीक्षित ने बताया कि फाउंडेशन फॉर एक्सीलेंस के माध्यम से अब तक 400 जरूरतमंद और मेधावी विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के लिए छात्रवृत्ति उपलब्ध कराई गई है। इनमें छत्तीसगढ़ के 200 विद्यार्थी शामिल हैं।
वरिष्ठ अभियंता टी.आर. देवांगन सम्मानित
कार्यक्रम में वरिष्ठ अभियंता इं. टी.आर. देवांगन को शाल और श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया गया। समारोह की अध्यक्षता हसदेव कछार के मुख्य अभियंता इं. एस.के. पाण्डेय ने की।
सरस्वती वंदना से हुआ कार्यक्रम का शुभारंभ
कार्यक्रम की शुरुआत छत्तीसगढ़ रत्न बाल गायक मास्टर तनिष्क वर्मा की सरस्वती वंदना से हुई। तेजस्विनी छात्रावास की छात्राओं ने स्वागत गीत प्रस्तुत किया। फोरम के संरक्षक इं. आर.पी. शुक्ला ने दिवंगत प्रेरणास्रोत इंजीनियर सुरेंद्र सिंह टुटेजा के सामाजिक एवं सेवा कार्यों को याद किया।
समारोह में सेवानिवृत्त मुख्य अभियंता इं. निर्मल शर्मा, अधीक्षण अभियंता इं. आर.के. बंजारे, इं. संजय शर्मा सहित बड़ी संख्या में सेवानिवृत्त अभियंता और उनके परिवारजन उपस्थित रहे।




