त्योहारों से पहले बिलासपुर पुलिस की सख्ती, 15 दिनों में 813 कार्रवाई

Advertisement
Advertisement

अभिषेक कुमार पाण्डेय

रिपोर्टर, बिलासपुर छत्तीसगढ़

गणेश उत्सव से दीपावली तक कानून-व्यवस्था बनाए रखने की तैयारी, गुंडे-बदमाशों पर बाउंड ओवर और वारंटों की तामील

बिलासपुर, 16 सितंबर 2026। आगामी गणेश उत्सव, नवरात्रि, दशहरा और दीपावली को देखते हुए बिलासपुर पुलिस ने जिले में असामाजिक तत्वों के खिलाफ निगरानी और कार्रवाई तेज कर दी है। पुलिस के अनुसार 1 से 15 सितंबर के बीच विभिन्न थाना क्षेत्रों में चेकिंग और कार्रवाई के दौरान कुल 813 वैधानिक कार्रवाई की गई।

अवैध हथियारों और चाकूबाजी पर कार्रवाई

पुलिस के मुताबिक अवैध हथियार रखने और चाकूबाजी से जुड़े मामलों में आर्म्स एक्ट के तहत 73 कार्रवाई की गई। पुलिस का कहना है कि त्योहारों के दौरान कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वाली गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है।

शांति व्यवस्था को लेकर 433 लोगों पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई

संभावित विवाद और शांति भंग की आशंका को देखते हुए BNSS की धारा 170 के तहत 131 लोगों पर कार्रवाई की गई। वहीं धारा 126 और 135(3) के तहत 302 व्यक्तियों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई।

73 निगरानीशुदा बदमाशों को किया गया बाउंड ओवर

पुलिस ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से 73 निगरानीशुदा गुंडे-बदमाशों को बाउंड ओवर कराया। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि त्योहारों के दौरान उपद्रव या किसी प्रकार की आपराधिक गतिविधि में शामिल होने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

192 लंबित वारंटों की तामील

अभियान के दौरान न्यायालय से जारी लंबित वारंटों की तामील पर भी पुलिस ने जोर दिया। इस दौरान 83 स्थायी वारंट और 109 गिरफ्तारी वारंट तामील कराए गए।

नशे और सड़क पर हुड़दंग के खिलाफ भी कार्रवाई

सड़क सुरक्षा एवं नशा विरोधी अभियान के तहत स्टंटबाजी के 4 मामले सामने आए। शराब पीकर वाहन चलाने के मामले में एमवी एक्ट की धारा 185 के तहत 30 कार्रवाई की गई। इसके अलावा आबकारी एक्ट के 7 मामले और NDPS एक्ट के तहत 1 मामला दर्ज किया गया।

संवेदनशील क्षेत्रों में बढ़ाई गई निगरानी

त्योहारों को देखते हुए पुलिस ने संवेदनशील इलाकों में गश्त और चेकिंग बढ़ाने की बात कही है। पुलिस के अनुसार हुड़दंग, चाकूबाजी, नशे से जुड़ी गतिविधियों या अन्य उपद्रव की शिकायत मिलने पर नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।

Advertisement
Share This Article