सेवा संकल्प अभियान की तैयारियों की समीक्षा, बिलासपुर में 17 सितंबर को जलेंगे सवा लाख दीये

Advertisement
Advertisement

अभिषेक कुमार पाण्डेय

रिपोर्टर, बिलासपुर छत्तीसगढ़

उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने वीसी के जरिए ली तैयारियों की जानकारी, जनपद से ग्राम पंचायत स्तर तक आयोजन के निर्देश

बिलासपुर, 16 सितंबर 2026। उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव ने बुधवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बिलासपुर जिले में प्रस्तावित ‘सेवा संकल्प अभियान’ की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने अभियान को व्यापक जनभागीदारी के साथ संचालित करने के निर्देश देते हुए कहा कि कार्यक्रम केवल जिला मुख्यालय तक सीमित न रहें, बल्कि जनपद, तहसील, नगर पंचायत और ग्राम पंचायत स्तर पर भी गतिविधियां आयोजित की जाएं।

पुलिस मैदान में होगा जिला स्तरीय मुख्य आयोजन

अभियान के तहत बिलासपुर के पुलिस मैदान में 17 सितंबर को जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर 1.25 लाख दीये जलाने का कार्यक्रम प्रस्तावित है।

समीक्षा बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश सूर्यवंशी और महापौर पूजा विधानी मौजूद रहीं। विधायक धरमलाल कौशिक एवं सुशांत शुक्ला, क्रेडा अध्यक्ष भूपेंद्र सवन्नी और हर्षिता पाण्डे ऑनलाइन माध्यम से बैठक में शामिल हुए।

सामाजिक संगठनों और युवाओं की भागीदारी पर जोर

उप मुख्यमंत्री ने अभियान के कार्यक्रमों में जनप्रतिनिधियों के साथ सामाजिक संगठनों, शैक्षणिक संस्थाओं, स्वसहायता समूहों, युवाओं, महिलाओं और वरिष्ठ नागरिकों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने विभागवार तैयारियों की जानकारी लेते हुए सभी कार्यक्रमों को निर्धारित समयसीमा में पूरा करने और उनकी नियमित निगरानी करने को कहा।

अलग-अलग गतिविधियों के जरिए लोगों को जोड़ा जाएगा

‘सेवा संकल्प अभियान’ के दौरान ‘आशीर्वाद का दीया’, ‘सेवा की कहानी’, ‘नमो सेवा गाथा’, ‘आंगन का उत्सव’, ‘सेवा ज्योति कलश यात्रा’, ‘सेवा-मेरा योगदान’, ‘जल जन सेवा संकल्प’ और ‘सेवा सेतु अभियान-सरकार आपके द्वार’ सहित कई गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।

इसके अलावा स्कूलों में चित्रकला और भाषण प्रतियोगिताएं, आंगनबाड़ी केंद्रों पर पोषण जागरूकता कार्यक्रम तथा स्वच्छता एवं जनसेवा से संबंधित गतिविधियां भी प्रस्तावित हैं।

दिनवार कार्यक्रम की तैयारी, विभागों को जिम्मेदारी

कलेक्टर संजय अग्रवाल ने जिले में चल रही तैयारियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि अधिक से अधिक लोगों को अभियान से जोड़ने के लिए विभिन्न स्तरों पर बैठकें की जा रही हैं और दिनवार एवं तिथिवार कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार की जा रही है।

उप मुख्यमंत्री ने सभी विभागों के साथ लगातार समीक्षा करते हुए तैयारियों की निगरानी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अभियान को केवल सरकारी आयोजनों तक सीमित न रखते हुए सेवा, समर्पण और विकसित भारत-2047 के संकल्प से जोड़ने का प्रयास किया जाए।

अधिकारी और जनप्रतिनिधि रहे मौजूद

समीक्षा बैठक में नगर निगम आयुक्त प्रकाश सर्वे, अपर कलेक्टर वीरेंद्र बहादुर पंचभाई, जिला पंचायत सीईओ संदीप अग्रवाल, डीएफओ नीरज, भाजपा जिला अध्यक्ष दीपक सिंह, मोहित जायसवाल सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Advertisement
Share This Article