अभिषेक कुमार पाण्डेय
रिपोर्टर, बिलासपुर छत्तीसगढ़
ओछिनापारा में धारदार हथियार के साथ पकड़ा गया युवक, दर्रीपारा चौक पर नशाखोरी और अड्डेबाजी करने वालों को पुलिस ने घेरा
बिलासपुर/रतनपुर। धर्मनगरी रतनपुर में त्योहारों से पहले कानून-व्यवस्था बनाए रखने पुलिस ने असामाजिक गतिविधियों के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है। रतनपुर पुलिस ने अलग-अलग कार्रवाई करते हुए सड़क पर चाकू लेकर लोगों को डराने-धमकाने वाले एक युवक को गिरफ्तार किया। वहीं दर्रीपारा चौक पर सार्वजनिक स्थान पर नशाखोरी और अड्डेबाजी कर रहे सात युवकों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई।
चाकू लेकर राहगीरों को डराने की सूचना
पुलिस के मुताबिक 15 सितंबर को ओछिनापारा क्षेत्र में 28 वर्षीय सूरज माण्डवा धारदार चाकू लेकर राहगीरों को कथित तौर पर धमका रहा था। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निलेश पाण्डेय के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर युवक को पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान उसके कब्जे से धारदार चाकू बरामद किया गया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया।
दर्रीपारा चौक पर सात युवकों के खिलाफ कार्रवाई
इसी दौरान पुलिस पेट्रोलिंग टीम ने दर्रीपारा चौक पर कार्रवाई की। पुलिस के अनुसार यहां कुछ युवक सार्वजनिक स्थान पर नशाखोरी और अड्डेबाजी करते पाए गए। पुलिस टीम को देखकर वहां मौजूद युवक भागने का प्रयास करने लगे, जिन्हें घेराबंदी कर पकड़ लिया गया।
सार्वजनिक शांति व्यवस्था प्रभावित करने के मामले में पुलिस ने सभी सात युवकों के खिलाफ धारा 170 बीएनएसएस के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की और उन्हें तहसील न्यायालय में पेश किया।
कार्रवाई की जद में आए सात युवक
पुलिस कार्रवाई में शामिल युवकों के नाम इस प्रकार बताए गए हैं—
- विवेक सिंह (29 वर्ष) — मिर्जापुर, उत्तर प्रदेश
- गिरीश साहू (27 वर्ष) — कोनी, बिलासपुर
- सूर्यकांत कोशले (28 वर्ष) — दर्रीपारा, रतनपुर
- दीपेश कोशले (26 वर्ष) — दर्रीपारा, रतनपुर
- अरविंद डगर्जी (27 वर्ष) — दर्रीपारा, रतनपुर
- शिवम माण्डवा (27 वर्ष) — दर्रीपारा, रतनपुर
- छोटू उर्फ भोलू माण्डवा (28 वर्ष) — ओछिनापारा, रतनपुर
पुलिस टीम की रही अहम भूमिका
पूरे अभियान में थाना प्रभारी निलेश पाण्डेय के नेतृत्व में प्रशिक्षु उपनिरीक्षक अनिल साहू यादव, प्रधान आरक्षक कौशल राम खूंटे, आरक्षक कीर्ति पैकरा, राजेन्द्र साहू और प्रमोद केंवट की टीम शामिल रही।
पुलिस ने कहा है कि सार्वजनिक स्थानों पर अशांति फैलाने, हथियार लेकर घूमने या कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वाली गतिविधियों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।




