अभिषेक कुमार पाण्डेय
रिपोर्टर, बिलासपुर छत्तीसगढ़
बिल्हा, कोटा, तखतपुर और मस्तूरी जनपद क्षेत्रों में केंद्र संचालन के लिए मांगे गए आवेदन
बिलासपुर, 16 सितंबर। जिले के चिन्हांकित शासकीय स्थानों पर नए आधार पंजीयन केंद्र शुरू किए जाने की तैयारी है। इसके लिए जिला ई-गवर्नेंस सोसायटी बिलासपुर ने आधार केंद्र संचालकों से आवेदन आमंत्रित किए हैं। इच्छुक अभ्यर्थी 16 सितंबर से 30 सितंबर 2026 तक कार्यालयीन समय में बंद लिफाफे में अपना आवेदन जमा कर सकते हैं।
चार जनपद क्षेत्रों में होंगे 20 आधार केंद्र
जारी सूचना के अनुसार जिले में कुल 20 आधार किट के लिए आवेदन मंगाए गए हैं। इनमें जनपद पंचायत बिल्हा क्षेत्र में 3, कोटा में 8, तखतपुर में 3 और मस्तूरी क्षेत्र में 6 आधार केंद्र प्रस्तावित हैं।
12वीं, आईटीआई या डिप्लोमा की योग्यता जरूरी
आधार केंद्र संचालक बनने के लिए आवेदक का किसी मान्यता प्राप्त संस्था से 12वीं कक्षा उत्तीर्ण होना आवश्यक है। इसके अलावा 2 वर्षीय आईटीआई या 3 वर्षीय डिप्लोमा उत्तीर्ण अभ्यर्थी भी निर्धारित शर्तों के तहत आवेदन कर सकते हैं।
आवेदक की आयु 1 जुलाई 2026 की स्थिति में कम से कम 18 वर्ष होनी चाहिए। साथ ही कंप्यूटर का बुनियादी ज्ञान और एमएस ऑफिस अथवा संबंधित डिग्री-डिप्लोमा का वैध प्रमाण-पत्र होना जरूरी है।
आधार सुपरवाइजर/ऑपरेटर प्रमाण-पत्र भी अनिवार्य
यूआईडीएआई के नवीन दिशा-निर्देशों के तहत आवेदक के पास एनएसईआईटीवी से प्राप्त वैध आधार सुपरवाइजर/ऑपरेटर प्रमाण-पत्र होना आवश्यक है। सूचना के अनुसार एनरोलमेंट एजेंसी कोड 2084 और 4082 से आधार सुपरवाइजर/ऑपरेटर परीक्षा उत्तीर्ण करने वाले प्रमाण-पत्र धारक अभ्यर्थी आवेदन कर सकते हैं।
30 सितंबर है आवेदन की अंतिम तारीख
इच्छुक अभ्यर्थी अपना आवेदन कलेक्टर एवं अध्यक्ष, जिला ई-गवर्नेंस सोसायटी, बिलासपुर के नाम से संबंधित कार्यालय में जमा कर सकते हैं। आवेदन की अंतिम तिथि 30 सितंबर 2026 निर्धारित की गई है।
चयन और आधार केंद्र संचालन की अनुमति जिला ई-गवर्नेंस सोसायटी द्वारा निर्धारित मापदंडों के आधार पर दी जाएगी।




