सामाजिक कार्यकर्ताओं, अधिवक्ताओं, शिक्षाविदों, पत्रकारों और पूर्व साक्षरता कर्मियों से करेंगे संवाद; वृद्धाश्रम, कुष्ठ प्रभावित परिवारों और केलो बिहार कॉलोनी के समिति सदस्यों व हितग्राहियों से भी मुलाकात
रायगढ़। पूर्व कलेक्टर एवं बिलासपुर कमिश्नर हर्ष मंदर का 15 सितंबर 2026 की रात्रि रायगढ़ आगमन होगा। 16 सितंबर को वे सामाजिक कार्यकर्ताओं, अधिवक्ताओं, शिक्षाविदों, पत्रकारों और पूर्व साक्षरता कर्मियों सहित विभिन्न वर्गों से मुलाकात कर जनसंवाद करेंगे।
सुबह 10:30 बजे से साईं श्रद्धा होटल में जनसंवाद
16 सितंबर को सुबह 10:30 बजे से दोपहर 2 बजे तक साईं श्रद्धा होटल रायगढ़ में सामाजिक कार्यकर्ताओं, अधिवक्ताओं, शिक्षाविदों, पत्रकारों और पूर्व साक्षरता कर्मियों से हर्ष मंदर मुलाकात करेंगे। इस दौरान जनसंवाद किया जाएगा।

वृद्धाश्रम और कुष्ठ प्रभावित परिवारों से मुलाकात
दोपहर 2:30 बजे से 3:50 बजे तक हर्ष मंदर वृद्धाश्रम एवं कुष्ठ प्रभावित परिवारों से मुलाकात करेंगे और उनके साथ जनसंवाद करेंगे।
केलो बिहार कॉलोनी के समिति और हितग्राहियों से संवाद
शाम 4 बजे से 5:30 बजे तक वे केलो बिहार कॉलोनी रायगढ़ की समिति एवं हितग्राहियों से मुलाकात कर जनसंवाद करेंगे। दी गई जानकारी के अनुसार, कर्मचारियों के लिए केलो बिहार कॉलोनी के निर्माण में हर्ष मंदर की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।
कलेक्टर के रूप में 11 माह का कार्यकाल रहा यादगार
हर्ष मंदर ने कलेक्टर के पद पर 11 माह के छोटे से कार्यकाल में सरकार में रहते हुए साक्षरता अभियान को जमीन पर उतारने का काम किया। साथ ही रायगढ़ में लोक शक्ति समिति का गठन किया।
अधिकारों और जनभागीदारी से जुड़े कार्य
दी गई जानकारी के अनुसार, सरकार में रहते हुए हर्ष मंदर ने सूचना का अधिकार, भोजन का अधिकार, शिक्षा का अधिकार और स्वास्थ्य का अधिकार के तहत छत्तीसगढ़ में मितानिन कार्यक्रम, ग्राम सभा एवं ग्राम सभा में महिलाओं की भागीदारी तथा वन विधेयक कानून जैसे कानूनों को जमीनी स्तर पर लागू करने का काम किया।
प्रशासनिक सेवा के बाद सामाजिक कार्य से जुड़े
भारतीय प्रशासनिक सेवा में रहते हुए हर्ष मंदर ने भारतीय प्रशासनिक अकादमी मसूरी में भी सेवाएं दीं। अब प्रशासनिक सेवाओं को त्याग कर वे सामाजिक कार्यकर्ता के रूप में दिल्ली में बेसहारा, बेघर परिवारों और बेसहारा बच्चों के लिए काम कर रहे हैं।
रायगढ़ से बना रहा जुड़ाव
दी गई जानकारी के अनुसार, हर्ष मंदर का रायगढ़ के लोगों के साथ हमेशा प्यार और जुड़ाव बना रहा है। वे समय-समय पर रायगढ़ आकर उन सभी से मिलने आते रहते हैं। एक बार फिर उनके आगमन को लेकर रायगढ़ के लोग उत्साहित हैं।
इसके बाद वे भोजन और विश्राम कर सुबह रायपुर के लिए रवाना होंगे।
उक्त जानकारी राजेश त्रिपाठी, जन चेतना रायगढ़ द्वारा दी गई है।


