अभिषेक कुमार पाण्डेय
रिपोर्टर, बिलासपुर छत्तीसगढ़
सिविल लाइन थाना क्षेत्र की घटना, मौके से नहीं मिला कोई सुसाइड नोट; पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की
बिलासपुर। न्यायधानी बिलासपुर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र में एक युवा अधिवक्ता द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या किए जाने का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान सौरभ सोनवानी (29 वर्ष) के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को फंदे से नीचे उतरवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। फिलहाल आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल सका है।
रात में परिवार के साथ खाना खाने के बाद कमरे में गए थे
सिविल लाइन थाने के प्रधान आरक्षक साहेब अली के अनुसार, गंगानगर फेज-2 निवासी पटवारी रामखिलावन सोनवानी के पुत्र सौरभ सोनवानी ने 12 सितंबर की रात परिवार के साथ खाना खाया था। इसके बाद वह अपने कमरे में सोने चला गया।
13 सितंबर की सुबह जब सौरभ कमरे से बाहर नहीं आए तो परिजनों ने रविवार होने के कारण इसे सामान्य समझा और उन्हें जगाने की कोशिश नहीं की।
मामा के फोन के बाद परिजनों को हुई चिंता
दोपहर करीब 1 बजे सौरभ के मामा ने उनके मोबाइल पर फोन किया, लेकिन कॉल रिसीव नहीं हुई। इसके बाद उन्होंने सौरभ के पिता रामखिलावन सोनवानी को इसकी जानकारी दी।
पिता जब सौरभ के कमरे के पास पहुंचे तो दरवाजा अंदर से बंद था। काफी आवाज देने और दरवाजा खटखटाने के बावजूद भीतर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। इसके बाद परिजनों को अनहोनी की आशंका हुई।
दरवाजा तोड़ने पर फंदे से लटका मिला शव
कुछ देर बाद सौरभ के मामा भी घर पहुंच गए। परिजनों ने कमरे का दरवाजा तोड़ा तो सौरभ का शव पंखे से फंदे पर लटका मिला। घटना की जानकारी तत्काल सिविल लाइन पुलिस को दी गई।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की।
सुसाइड नोट नहीं मिला, आत्महत्या के कारणों की जांच
पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर कमरे की तलाशी ली, लेकिन वहां से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ। पुलिस ने शव को फंदे से उतरवाकर पोस्टमार्टम के लिए सिम्स की मर्च्युरी में रखवाया है।
सिविल लाइन पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है। पुलिस अब आत्महत्या के पीछे की वजह जानने के लिए परिजनों और अन्य संबंधित लोगों से पूछताछ सहित विभिन्न पहलुओं पर जांच कर रही है।




