छाल क्षेत्र से पकड़ा गया आरोपी, चोरी की बाइक बरामद; रेलवे सामग्री बेचकर बची रकम भी जब्त
रायगढ़, 14 सितंबर। घरघोड़ा पुलिस ने रेलवे लाइन से कीमती सामग्री चोरी करने और बाइक चोरी के दो अलग-अलग मामलों का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की गई हीरो एचएफ डीलक्स बाइक बरामद की है। वहीं, रेलवे सामग्री को बेचने के बाद बची 2 हजार रुपये की रकम भी जब्त की गई है।
रेलवे लाइन से लाखों की सामग्री चोरी
पुलिस के अनुसार, 12 जुलाई 2026 को ग्राम कुडुमकेला निवासी मनबोध दास महंत ने रेलवे लाइन से सामग्री चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के मुताबिक 11 जुलाई की रात करीब 3:25 से 3:55 बजे के बीच कारीछापर और कुडुमकेला के बीच लमडांड गांव के समीप जंगल क्षेत्र में रेलवे लाइन से बड़ी मात्रा में सामग्री गायब की गई थी।
चोरी की सामग्री में कैटनरी तार, संपर्क तार, सप्लायर, ड्रापर वायर, कैटनरी क्लिप, संपर्क तार क्लिप, स्टेडी आर्म और स्वीवेल क्लिप सहित अन्य सामान शामिल था। मामले में घरघोड़ा थाने में अपराध क्रमांक 222/2026 के तहत बीएनएस की धारा 303(2) में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
बाजार के पास से बाइक भी हुई थी चोरी
इसी दौरान 11 सितंबर को ग्राम बांसमुड़ा निवासी लक्ष्मीनारायण चौहान ने अपनी हीरो एचएफ डीलक्स बाइक क्रमांक CG-13-AH-0489 चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज कराई। शिकायत के मुताबिक उसने 10 सितंबर की शाम करीब 5 बजे नावापारा टेंडा बाजार डांड के पास बाइक खड़ी की थी और बाजार चला गया था। वापस लौटने पर बाइक वहां नहीं मिली।
इस मामले में भी घरघोड़ा थाने में अपराध क्रमांक 287/2026 के तहत बीएनएस की धारा 303(2) में अपराध दर्ज किया गया।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने दबोचा
दोनों मामलों की जांच के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि ग्राम तरेकेला निवासी रामप्रसाद सारथी चोरी की एचएफ डीलक्स बाइक के साथ देखा गया है। सूचना के आधार पर घरघोड़ा थाना प्रभारी निरीक्षक कुमार गौरव साहू के निर्देशन में प्रधान आरक्षक अरविंद पटनायक सहित पुलिस टीम को छाल क्षेत्र रवाना किया गया।
पुलिस ने संदेही को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक पूछताछ के दौरान आरोपी ने रेलवे लाइन से सामग्री चोरी करने की बात स्वीकार की।
चोरी की सामग्री कबाड़ियों को बेचने का दावा
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने बताया कि रेलवे लाइन से चोरी की गई सामग्री को उसने फेरी-कबाड़ियों को बेच दिया था। बिक्री से मिली रकम में से 2 हजार रुपये बचने की जानकारी सामने आई, जिसे पुलिस ने आरोपी के मेमोरंडम कथन के आधार पर बरामद कर जब्त किया।
इसके बाद बाइक चोरी के संबंध में पूछताछ करने पर आरोपी द्वारा बाइक चोरी करना स्वीकार करने की बात पुलिस ने कही। आरोपी की निशानदेही पर करीब 40 हजार रुपये कीमत की हीरो एचएफ डीलक्स बाइक बरामद कर ली गई।
दो चोरी के मामलों में आरोपी न्यायिक रिमांड पर
पुलिस के मुताबिक इस कार्रवाई से रेलवे लाइन सामग्री चोरी और बाइक चोरी के दोनों मामलों का खुलासा हुआ है। आरोपी रामप्रसाद सारथी पिता श्यामलाल सारथी, उम्र 23 वर्ष, निवासी ग्राम तरेकेला, थाना छाल को पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद गिरफ्तार कर 12 सितंबर 2026 को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
पुलिस टीम की रही अहम भूमिका
आरोपी की तलाश, गिरफ्तारी और चोरी की संपत्ति बरामद करने की कार्रवाई में थाना प्रभारी घरघोड़ा निरीक्षक कुमार गौरव साहू, प्रधान आरक्षक अरविंद पटनायक, आरक्षक हरीश पटेल और उधोराम पटेल की महत्वपूर्ण भूमिका रही।




