बिलासपुर में अंतरराज्यीय गांजा तस्करी का खुलासा, महिला समेत 4 गिरफ्तार; 13 किलो गांजा जब्त

Advertisement
Advertisement

अभिषेक कुमार पाण्डेय

रिपोर्टर, बिलासपुर छत्तीसगढ़

मस्तूरी के जयरामनगर रेलवे फाटक के पास कार्रवाई, ओडिशा से गांजा लाकर सीपत-मटियारी क्षेत्र में खपाने की थी तैयारी

मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने घेरा, बैगों से मिला गांजा

बिलासपुर। जिले में अवैध नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत मस्तूरी पुलिस और एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट (ACCU) की संयुक्त टीम को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने जयरामनगर रेलवे फाटक के पास कार्रवाई करते हुए एक महिला समेत चार संदिग्धों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के मुताबिक आरोपियों के पास मौजूद पिट्ठू बैग और झोलों की तलाशी लेने पर करीब 13 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत करीब 6.50 लाख रुपये बताई गई है। आरोपियों के पास से मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं।

बस और ऑटो का इंतजार कर रहे थे आरोपी

पुलिस को 13 सितंबर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि जयरामनगर रेलवे ओवरब्रिज के नीचे तीन युवक और एक महिला संदिग्ध अवस्था में मौजूद हैं। उनके पास भारी मात्रा में मादक पदार्थ होने की जानकारी मिलने पर मस्तूरी पुलिस और ACCU की टीम तत्काल मौके पर पहुंची।

पुलिस टीम ने घेराबंदी कर चारों को पकड़ा और उनके सामान की तलाशी ली। तलाशी के दौरान बैगों से गांजा बरामद होने पर सभी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की गई।

ओडिशा के बलांगीर से लाए थे गांजा

पूछताछ में पुलिस को आरोपियों से गांजा तस्करी से जुड़ी अहम जानकारी मिली। पुलिस के अनुसार आरोपी ओडिशा के बलांगीर जिले से गांजा कम कीमत में खरीदकर लाए थे और इसे बिलासपुर जिले के मटियारी तथा सीपत क्षेत्र में ऊंचे दामों पर बेचने की तैयारी थी।

पुलिस ने बरामद गांजे को जब्त कर आरोपियों के खिलाफ मस्तूरी थाने में मामला दर्ज किया है।

NDPS एक्ट के तहत कार्रवाई, चारों जेल भेजे गए

मामले में थाना मस्तूरी में अपराध क्रमांक 640/2026 दर्ज किया गया है। आरोपियों के खिलाफ धारा 20(B), 29 NDPS एक्ट के तहत कार्रवाई की गई। पुलिस ने सभी आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

गिरफ्तार आरोपियों के नाम

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में—

  • आकाश सिसोदिया (21 वर्ष), निवासी ग्राम मटियारी, थाना सीपत, बिलासपुर
  • पूर्वा मालिया (20 वर्ष), निवासी ग्राम मटियारी, थाना सीपत, बिलासपुर
  • कृष्णा पाण्डेय (23 वर्ष), निवासी ग्राम मटियारी, थाना सीपत, बिलासपुर
  • नीरज नायक (19 वर्ष), निवासी झाड़ू मोहल्ला, थाना एवं जिला उमरिया, मध्यप्रदेश

शामिल हैं।

वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में हुई कार्रवाई

पुलिस के अनुसार पूरी कार्रवाई उप पुलिस महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के दिशा-निर्देशन में तथा एएसपी ग्रामीण मधुलिका सिंह, डीएसपी ACCU एवं एसडीओपी सुदीप सरकार के मार्गदर्शन में की गई।

इस संयुक्त कार्रवाई में ACCU प्रभारी निरीक्षक गोपाल सतपथी, मस्तूरी थाना प्रभारी निरीक्षक सलीम खाका, उप निरीक्षक सुजान जगत, उप निरीक्षक कमलेश बंजारे, प्रधान आरक्षक प्रमोद सिंह, आरक्षक प्रेम सूर्यवंशी, मुकेश शर्मा, रवि यादव, रमेश यादव और धीरेंद्र तोमर की अहम भूमिका रही।

Advertisement
Share This Article