अभिषेक कुमार पाण्डेय
रिपोर्टर, बिलासपुर छत्तीसगढ़
तीज और गणेश चतुर्थी को लेकर पुलिस का अभियान तेज, 7 बदमाशों पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई
बिलासपुर। तीज और गणेश चतुर्थी पर्व को देखते हुए शहर में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सरकंडा पुलिस ने अवैध गतिविधियों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। इसी अभियान के तहत पुलिस ने सार्वजनिक स्थानों और झोपड़ीनुमा दुकानों में शराब पीने की सुविधा उपलब्ध कराने वाले चार लोगों के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। इसके अलावा शांति व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका को देखते हुए सात लोगों पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई है।
यह कार्रवाई पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर रजनेश सिंह के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर पंकज पटेल और नगर पुलिस अधीक्षक सरकंडा तिलेश्वर प्रसाद यादव के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी प्रदीप आर्य के नेतृत्व में की गई।
शराब पिलाने की सुविधा देने वालों पर आबकारी एक्ट
पुलिस के अनुसार सार्वजनिक स्थलों पर अवैध रूप से शराब पीने की सुविधा उपलब्ध कराने वालों के खिलाफ अभियान चलाया गया। इस दौरान चार आरोपियों के विरुद्ध धारा 36(सी) आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई की गई। पुलिस ने इनके खिलाफ अलग से प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी की है।
कार्रवाई की जद में आए लोगों में—
- आदित्य कुमार पाण्डेय (26 वर्ष), अमरैया चौक कुदरूबाडी, चिंगराजपारा, सरकंडा।
- राहुल जायसवाल (50 वर्ष), मेलापारा, चांटीडीह, सरकंडा।
- घनश्याम सोनी (60 वर्ष), रपट चौक, चांटीडीह कुम्हारपारा, सरकंडा।
- गुड्डू सिंह (35 वर्ष), साइंस कॉलेज डबरीपारा, सरकंडा।
7 लोगों पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई
त्योहारों के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने ऐसे सात लोगों के खिलाफ भी प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की है, जिनसे कानून-व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका बताई गई।
इनमें शिवा मरकाम उर्फ सेवक (40), दीपक यादव उर्फ दाऊ (35), आदित्य कुमार पांडेय (26), टेकचंद श्रीवास (52), गुड्डू सिंह (35), धनेश कुमार जायसवाल (50) और सीताराम वर्मा (50) शामिल हैं। सभी सरकंडा थाना क्षेत्र के अलग-अलग इलाकों के निवासी बताए गए हैं।
त्योहारों को लेकर लगातार जारी रहेगा अभियान
सरकंडा पुलिस ने कहा है कि तीज और गणेश चतुर्थी सहित आगामी पर्वों को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए क्षेत्र में लगातार निगरानी रखी जा रही है। पुलिस का विशेष अभियान अड्डेबाजी, असामाजिक गतिविधियों और अवैध रूप से शराब बेचने या पिलाने वालों के खिलाफ आगे भी जारी रहेगा।
पुलिस ने क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए लोगों से भी सहयोग करने की अपील की है।




