मोदी के 25 वर्ष के सार्वजनिक जीवन का सेवा भाव जन-जन तक पहुंचाएगा भाजपा

Advertisement
Advertisement

17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा ‘सेवा संकल्प अभियान’, राष्ट्रीय स्तर से बूथ तक होंगे विविध कार्यक्रम

सूरजपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी देशभर में एक महीने तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाएगी। अभियान की शुरुआत 17 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस से होगी और 17 अक्टूबर तक विभिन्न सेवा एवं जनसरोकार से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

राष्ट्रसेवा और जनसेवा को समर्पित रहा मोदी का जीवन : अनुराग सिंह देव

रविवार को सूरजपुर जिला मुख्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल के अध्यक्ष अनुराग सिंह देव ने अभियान की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का सार्वजनिक जीवन राष्ट्र और समाज की सेवा के प्रति समर्पित रहा है। उन्होंने राष्ट्र प्रथम की भावना के साथ काम किया है।

अनुराग सिंह देव ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है और देश की वैश्विक पहचान मजबूत हुई है। उन्होंने कहा कि आज दुनिया की निगाहें भारत पर हैं और प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व की अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चर्चा होती है।

एक महीने तक चलेंगे सेवा और जनसंपर्क के कार्यक्रम

अनुराग सिंह देव ने बताया कि 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलने वाले अभियान का उद्देश्य प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन में रहे सेवा भाव को आम लोगों तक पहुंचाना है। अभियान के तहत विभिन्न सेवा गतिविधियों के साथ सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को योजनाओं से जोड़ने और युवाओं को सेवा तथा नवाचार से जोड़ने वाले कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

कई थीम पर होंगे विशेष आयोजन

‘सेवा संकल्प अभियान’ के दौरान ‘आशीर्वाद का दिया’, ‘सपनों का भारत’, ‘नमो सेवा गाथा’, ‘सेवा स्मरण’, ‘आंगन का उत्सव’, ‘कहानी बदलाव की’, ‘विकसित भारत संकल्प यात्रा’ और ‘सेवा ज्योति यात्रा’ जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

इसके अलावा ‘वडनगर से वाराणसी—जल, जन और सेवा संकल्प यात्रा’, ‘सेवा मेरा योगदान’ के तहत 25 सेवा गतिविधियां, ‘सेवा सेतु अभियान’, ‘रंगोली राष्ट्र’, ‘राष्ट्रीय इनोवेशन चैलेंज’ तथा ‘जनसेवक महाकुंभ—पंचायत से पार्लियामेंट’ जैसे कार्यक्रम भी अभियान का हिस्सा होंगे।

7 अक्टूबर से जुड़ा है 25 वर्ष का महत्वपूर्ण पड़ाव

भाजपा की ओर से बताया गया कि पार्टी प्रत्येक वर्ष 17 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस पर देशभर में सेवा पखवाड़े का आयोजन करती है। इस वर्ष प्रधानमंत्री मोदी के सार्वजनिक जीवन से जुड़ा एक महत्वपूर्ण पड़ाव भी सामने है।

7 अक्टूबर 2001 को नरेंद्र मोदी ने गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली थी। आगामी 7 अक्टूबर को इस महत्वपूर्ण पड़ाव के 25 वर्ष पूरे होने के मद्देनजर भाजपा ने इस बार सेवा गतिविधियों को एक महीने के व्यापक अभियान का रूप दिया है।

सूरजपुर में जलेंगे 1 लाख 11 हजार 111 दीप

अभियान की शुरुआत 17 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर होगी। सूरजपुर जिले में ‘आशीर्वाद का दिया’ कार्यक्रम के तहत जनसेवा के संकल्प के साथ 1 लाख 11 हजार 111 दीप प्रज्ज्वलित करने की तैयारी है।

इस कार्यक्रम में भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ आम नागरिकों की भागीदारी सुनिश्चित करने का प्रयास किया जाएगा।

बूथ स्तर तक होगी आमजन की भागीदारी

भाजपा के अनुसार अभियान को राष्ट्रीय स्तर से लेकर बूथ स्तर तक ले जाया जाएगा। पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ आमजन को भी विभिन्न कार्यक्रमों में सहभागी बनाने की योजना है। अभियान के माध्यम से सबका साथ, सबका विश्वास, सबका विकास और सबका प्रयास के संदेश को जनभागीदारी के साथ आगे बढ़ाने का प्रयास किया जाएगा।

पत्रकार वार्ता में भाजपा पदाधिकारी रहे मौजूद

पत्रकार वार्ता में भाजपा के वरिष्ठ नेता भीमसेन अग्रवाल, जिला अध्यक्ष मुरली मनोहर सोनी, जिला महामंत्री शशिकांत गर्ग, जिला मीडिया प्रभारी मुकेश गर्ग सहित भाजपा के अन्य पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Advertisement
Share This Article