जूटमिल में युवक की मौत मामले में दो आरोपी गिरफ्तार

Advertisement
Advertisement

महिला मित्र से मिलने ट्रांसपोर्ट नगर पहुंचा था शिवा सेठ्ठी, मोहल्ले के तीन युवकों पर मारपीट का आरोप

गंभीर चोटों के बाद बिगड़ी थी तबीयत, इलाज के दौरान मौत; तीसरे आरोपी की तलाश जारी

रायगढ़, 13 सितंबर 2026। जूटमिल थाना क्षेत्र के ट्रांसपोर्ट नगर में युवक की मारपीट के बाद हुई मौत के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राजू महंत उर्फ संजय महंत (35) और कृष्णा साव उर्फ चुड़ामणि साव (35) के रूप में हुई है। दोनों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। वहीं मामले का तीसरा आरोपी धन्नू निषाद फरार बताया जा रहा है, जिसकी तलाश पुलिस टीम कर रही है।

महिला मित्र से मिलने पहुंचा था युवक

पुलिस के अनुसार, 8 सितंबर 2026 की दरम्यानी रात सतीगुड़ी चौक निवासी शिवा सेठ्ठी (35) ट्रांसपोर्ट नगर में रहने वाली अपनी महिला मित्र से मिलने पहुंचा था। इसी दौरान राजू महंत, कृष्णा साव और धन्नू निषाद ने उसे वहां आने से मना किया और विवाद शुरू हो गया।

आरोप है कि तीनों युवकों ने एकजुट होकर शिवा के साथ हाथ-मुक्कों और लात-घूंसों से मारपीट की तथा उसे जमीन पर पटककर भी पीटा। इस घटना में शिवा को गंभीर बाहरी और अंदरूनी चोटें आईं।

तबीयत बिगड़ने पर अस्पताल ले गए परिजन

मारपीट के बाद शिवा किसी तरह वहां से निकलकर अपने दोस्त के पास पहुंचा और पूरी घटना की जानकारी दी। प्राथमिक उपचार कराने के बाद वह घर चला गया। हालांकि घर पहुंचने के बाद उसकी तबीयत अचानक खराब हो गई।

इसके बाद परिजन उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल रायगढ़ लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

गवाहों के बयान के बाद हत्या का मामला दर्ज

घटना की सूचना मिलने पर पहले थाना कोतवाली में शून्य पर मर्ग कायम किया गया। घटनास्थल जूटमिल थाना क्षेत्र में होने के कारण मर्ग डायरी जूटमिल पुलिस को भेजी गई। इसके बाद पुलिस ने मर्ग जांच शुरू की और प्रत्यक्षदर्शियों तथा घटना के दौरान बीच-बचाव करने वाले लोगों के बयान दर्ज किए।

पुलिस के मुताबिक, गवाहों के बयानों में तीनों आरोपियों द्वारा शिवा के साथ मारपीट किए जाने की पुष्टि हुई। पोस्टमार्टम की शॉर्ट रिपोर्ट में चिकित्सक ने मृत्यु का कारण हेड इंजरी के कारण हेमरेजिक शॉक बताया।

मर्ग जांच में मारपीट से आई गंभीर चोटों के कारण मौत होना पाए जाने के बाद 12 सितंबर को थाना जूटमिल में अपराध क्रमांक 540/2026, धारा 103(1), 3(5) बीएनएस के तहत हत्या का मामला दर्ज किया गया।

जेल से रिहाई के बाद पुलिस ने दबोचा

मामले की गंभीरता को देखते हुए जूटमिल थाना प्रभारी निरीक्षक अभिनव कांत सिंह के नेतृत्व में आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए तत्काल कार्रवाई शुरू की गई।

जांच के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि राजू महंत और कृष्णा साव किसी अन्य कार्रवाई के चलते जिला जेल रायगढ़ में निरुद्ध थे और उनकी रिहाई होने वाली थी। पुलिस टीम ने जेल परिसर के बाहर दोनों को उनके परिजनों के साथ तलब किया और पूछताछ के लिए थाना लेकर आई।

पूछताछ और मेमोरेंडम कथन के दौरान दोनों आरोपियों ने अपने साथी धन्नू निषाद के साथ मिलकर शिवा सेठ्ठी से मारपीट करना स्वीकार किया। विवेचना में गिरफ्तारी के लिए पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर पुलिस ने दोनों को 12 सितंबर को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।

फरार आरोपी की तलाश में दबिश

मामले में शामिल तीसरे आरोपी धन्नू निषाद की तलाश के लिए पुलिस टीम लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार करने के प्रयास जारी हैं।

गिरफ्तार आरोपी

  1. राजू महंत उर्फ संजय महंत, पिता लोकेश्वर दास महंत, उम्र 35 वर्ष, निवासी ट्रांसपोर्ट नगर वाल्मीकि आवास, जूटमिल, रायगढ़।
  2. कृष्णा साव उर्फ चुड़ामणि साव, पिता सीयाराम साव, उम्र 35 वर्ष, निवासी ट्रांसपोर्ट नगर वाल्मीकि आवास, जूटमिल, रायगढ़।

पुलिस टीम की रही अहम भूमिका

आरोपियों की गिरफ्तारी में जूटमिल थाना प्रभारी निरीक्षक अभिनव कांत सिंह, सहायक उप निरीक्षक हेमंत कश्यप, राजेन्द्र पटेल, प्रधान आरक्षक लोमेश राजपूत सहित हमराह स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

एसएसपी का सख्त संदेश

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि कानून हाथ में लेकर किसी के साथ मारपीट करने वालों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा। ऐसे मामलों में रायगढ़ पुलिस आरोपियों के खिलाफ कड़ी वैधानिक कार्रवाई करेगी। उन्होंने कहा कि जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

एसएसपी ने आमजन से अपील की कि विवाद की स्थिति में स्वयं कानून हाथ में न लें और किसी भी घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दें।

Advertisement
Share This Article