अभिषेक कुमार पाण्डेय
रिपोर्टर, बिलासपुर छत्तीसगढ़
मस्तूरी के बेलटुकरी प्राथमिक स्कूल का मामला, जिला शिक्षा अधिकारी ने प्रधान पाठक को थमाया नोटिस
बिलासपुर। मस्तूरी विकासखंड के शासकीय प्राथमिक शाला बेलटुकरी में एक छात्रा से कथित तौर पर कुर्सी साफ करवाने का मामला सामने आने के बाद शिक्षा विभाग में कार्रवाई शुरू हो गई है। बताया जा रहा है कि छात्रा पहले से बुखार से पीड़ित थी और स्कूल में अचानक उसकी तबीयत बिगड़ने के बाद उसे उल्टी हो गई। इसके बाद छात्रा को चिकित्सकीय सहायता देने के बजाय उससे ही गंदी हुई कुर्सी साफ करवाने का आरोप है।
घटना से जुड़ा वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद मामला अधिकारियों के संज्ञान में पहुंचा। कलेक्टर संजय अग्रवाल ने मामले को गंभीरता से लेते हुए शिक्षा विभाग को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
प्रधान पाठक से तीन दिन में मांगा जवाब
कलेक्टर के निर्देश के बाद जिला शिक्षा अधिकारी ने शासकीय प्राथमिक शाला बेलटुकरी की प्रधान पाठक भारती खांडे को नोटिस जारी किया है। नोटिस में संबंधित घटना के संबंध में स्पष्ट और तथ्यात्मक स्पष्टीकरण तीन दिवस के भीतर प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।
शिक्षा विभाग ने यह भी स्पष्ट किया है कि निर्धारित समयावधि में संतोषजनक जवाब नहीं मिलने की स्थिति में नियमानुसार प्रशासनिक कार्रवाई की जा सकती है।
वायरल वीडियो के बाद हरकत में आया विभाग
मामले से संबंधित वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद घटना चर्चा में आई। वीडियो में छात्रा से कुर्सी साफ कराने का मामला सामने आने की बात कही जा रही है। घटना की वास्तविक परिस्थितियों और जिम्मेदारी तय करने के लिए विभागीय स्तर पर स्पष्टीकरण मांगा गया है।
छात्र हित और संवेदनशीलता पर उठे सवाल
बीमार छात्रा के साथ कथित व्यवहार को लेकर छात्र हित और विद्यालय में बच्चों के प्रति संवेदनशीलता को लेकर सवाल उठ रहे हैं। ऐसे मामलों में बीमार बच्चे को तत्काल आवश्यक सहायता और उचित देखभाल उपलब्ध कराने की अपेक्षा की जाती है। अब विभागीय जवाब के बाद आगे की कार्रवाई तय होने की संभावना है।




