सीपत में एनटीपीसी कर्मी पर चाकू से हमला, लूट के प्रयास में दो बार घेरा

Advertisement
Advertisement

ग्रामीणों के पहुंचने पर पहली बार पीछे हटे बदमाश, सुनसान रास्ते में दोबारा रोककर किया जानलेवा हमला

बिलासपुर। सीपत क्षेत्र में शुक्रवार शाम एक एनटीपीसी ठेका कर्मी के साथ लूट के प्रयास और चाकूबाजी की घटना सामने आई है। बाजार से घर लौट रहे 40 वर्षीय कर्मी को चार अज्ञात युवकों ने रास्ते में दो बार घेरा। पहली बार ग्रामीणों की मौजूदगी के कारण बदमाश पीछे हट गए, लेकिन कुछ देर बाद सुनसान रास्ते में दोबारा रोककर लूट का प्रयास किया। विरोध करने पर आरोपियों में से एक ने उनकी पीठ में चाकू घोंप दिया।

घायल कर्मी को पहले स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर उन्हें बिलासपुर के सिम्स अस्पताल रेफर किया गया।

बाजार से लौटते समय बदमाशों ने रोका

बताया गया कि मूल रूप से बिहार निवासी इरशाद अली एनटीपीसी सीपत में वेल्डर सुपरवाइजर के तौर पर काम करते हैं। शुक्रवार शाम वे जांजी बाजार से सब्जी और चिकन खरीदकर घर लौट रहे थे। इसी दौरान नहर रोड के पास चार अज्ञात लोगों ने उन्हें रोक लिया।

आरोप है कि बदमाशों ने पूछताछ के बहाने उनका मोबाइल और नकदी लेने का दबाव बनाया। इसी बीच वहां से कुछ ग्रामीण साइकिल से गुजर रहे थे। ग्रामीणों को आता देख बदमाश पीछे हट गए। ग्रामीणों ने आरोपियों को फटकार लगाई और इरशाद को जांजी चौक तक सुरक्षित पहुंचाया।

सुनसान रास्ते में फिर घेराबंदी

ग्रामीणों के चले जाने के बाद इरशाद जैसे ही जांजी चौक से अपने घर की ओर जाने वाले रास्ते पर आगे बढ़े, चारों बदमाशों ने उन्हें फिर घेर लिया। इस बार आरोपियों ने कथित तौर पर गाली-गलौज करते हुए मोबाइल और पर्स सौंपने को कहा।

इरशाद ने लूट का विरोध किया तो विवाद बढ़ गया। इसी दौरान एक आरोपी ने पीछे से उन पर चाकू से हमला कर दिया। चाकू पीठ में लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गए।

खून से लथपथ हालत में दुकान की ओर भागे

हमले के बाद घायल इरशाद किसी तरह अपनी जान बचाकर वहां से भागे और पास की एक किराना दुकान तक पहुंचे। उन्हें घायल अवस्था में देखकर दुकानदार ने तत्काल मदद की और उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया।

स्थानीय स्तर पर प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें सिम्स बिलासपुर रेफर कर दिया, जहां उनका उपचार जारी है।

वारदात के बाद क्षेत्र में दहशत

घटना के बाद सीपत क्षेत्र के ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। राहगीर को रोककर कथित लूट और चाकूबाजी की घटना ने क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। ग्रामीणों ने पुलिस से आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी करने तथा क्षेत्र में गश्त बढ़ाने की मांग की है।

पुलिस जांच में जुटी

घटना की सूचना के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। पुलिस आसपास के क्षेत्र में लगे संभावित सीसीटीवी कैमरों और अन्य माध्यमों से आरोपियों की पहचान करने का प्रयास कर रही है। घटना में शामिल चारों संदिग्धों की तलाश की जा रही है।

Advertisement
Share This Article