जनदर्शन और सीएम हेल्पलाइन के प्रकरणों का गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करें: कलेक्टर

Advertisement
Advertisement

समय-सीमा बैठक में विकास कार्यों, राजस्व मामलों और शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं की हुई समीक्षा

रायगढ़, 12 सितंबर 2026। कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी ने शुक्रवार को जिला कलेक्टोरेट के सभा कक्ष में समय-सीमा की बैठक लेकर सीएम हेल्पलाइन, कलेक्टर जनदर्शन सहित विभिन्न विभागों के लंबित प्रकरणों, विकास कार्यों और शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं की विभागवार समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को सभी मामलों का नियमानुसार, समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

आवेदकों को मिले वास्तविक राहत

कलेक्टर ने जनदर्शन के आवेदनों की समीक्षा करते हुए कहा कि जिले के अलग-अलग क्षेत्रों से नागरिक अपनी समस्याएं लेकर जनदर्शन में पहुंचते हैं। ऐसे आवेदनों का निराकरण केवल औपचारिकता तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि संबंधित आवेदक को वास्तविक राहत मिलनी चाहिए।

उन्होंने प्रत्येक आवेदन की गंभीरता से जांच करने, गुणवत्तापूर्ण निराकरण करने और कार्रवाई की जानकारी संबंधित आवेदक को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। सीएम हेल्पलाइन के लंबित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए उन्होंने शिकायतों की गंभीरता से जांच के बाद ही निराकरण दर्ज करने को कहा।

शासकीय राशि की क्षति रोकने आरआरसी मामलों में कार्रवाई

कलेक्टर ने विभिन्न विभागों, पंचायतों और नगरीय निकायों से संबंधित आरआरसी प्रकरणों की समीक्षा करते हुए लंबित मामलों में प्रभावी कार्रवाई कर प्रगति लाने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि जिन मामलों में शासकीय राशि जारी होने के बावजूद संबंधित व्यक्ति ने कार्य शुरू नहीं किया है अथवा उसे पूरा करने में रुचि नहीं दिखाई जा रही है, उनमें नियमानुसार कार्रवाई की जाए। शासकीय राशि का उपयोग निर्धारित उद्देश्य के लिए होना चाहिए। उन्होंने संबंधित मामलों में जिम्मेदारी तय करने और वसूली प्रकरणों की नियमित समीक्षा कर लंबित मामलों के निराकरण में तेजी लाने के निर्देश दिए।

निर्माण कार्यों में गुणवत्ता से समझौता नहीं

बैठक में जल जीवन मिशन सहित विभिन्न शासकीय निर्माण एवं विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई। कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी करने के निर्देश दिए।

उन्होंने स्पष्ट कहा कि सभी निर्माण कार्य निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुरूप होने चाहिए। शासकीय निर्माण कार्यों की गुणवत्ता से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण कार्य पूर्ण कराने और संबंधित अधिकारियों को लगातार मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए।

लंबित राजस्व प्रकरणों के निराकरण में तेजी

कलेक्टर ने लंबित राजस्व प्रकरणों के साथ नक्शा-बटांकन और ऑनलाइन भू-अभिलेखों के अद्यतनीकरण की भी समीक्षा की। उन्होंने लंबित मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निराकृत करने के निर्देश दिए।

शासकीय भूमि से संबंधित अतिक्रमण और अन्य राजस्व मामलों में नियमानुसार जांच एवं कार्रवाई करने को कहा गया। वहीं खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 को देखते हुए किसानों के एग्रीस्टैक पंजीयन, केसीसी और सहकारी बैंकों के माध्यम से ऋण वितरण की प्रक्रिया को सुगम बनाने के निर्देश दिए गए। लोक सेवा केंद्रों में नागरिक सेवाओं की प्रक्रिया सरल बनाने पर भी जोर दिया गया।

आवास निर्माण में तेजी लाने के निर्देश

प्रधानमंत्री ग्रामीण एवं प्रधानमंत्री शहरी आवास योजना की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने किस्त प्राप्त कर चुके हितग्राहियों के आवास निर्माण की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने जिन हितग्राहियों ने अभी तक निर्माण शुरू नहीं किया है, उन्हें तत्काल निर्माण प्रारंभ कराने के निर्देश दिए।

निर्माण नहीं करने वाले हितग्राहियों के मामलों में शासन के नियमानुसार आवश्यक वसूली की कार्रवाई करने को कहा गया। इसके साथ ही दिव्यांगजनों तक यूडीआईडी का लाभ पहुंचाने के लिए समाज कल्याण, स्वास्थ्य और पंचायत विभाग को समन्वय से कार्य करने के निर्देश दिए।

सेवा संकल्प अभियान की तैयारियों की समीक्षा

कलेक्टर ने 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक आयोजित होने वाले सेवा संकल्प अभियान की तैयारियों की विभागवार समीक्षा की। उन्होंने सभी विभागों को निर्धारित समय से पहले तैयारियां पूरी करने और अभियान को व्यापक जनभागीदारी के साथ सफल बनाने के निर्देश दिए।

इसके अलावा जिले के जर्जर शासकीय भवनों का निरीक्षण कर उनकी स्थिति की रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा गया, ताकि दुर्घटना की आशंका वाले भवनों में आवश्यक कार्रवाई समय पर की जा सके। बैठक में आदर्श ग्राम योजना, मुख्यमंत्री की घोषणाओं से संबंधित लंबित प्रशासकीय स्वीकृतियों, नगरीय निकायों में कर वसूली सहित अन्य योजनाओं की भी समीक्षा हुई। मेडिकल कॉलेज में ऑक्सीजन प्लांट को शीघ्र शुरू करने के निर्देश भी दिए गए।

14 उत्कृष्ट कर्मचारियों का सम्मान

बैठक के दौरान शासन के निर्देशानुसार उत्कृष्ट कार्य करने वाले 14 कर्मचारियों को सम्मानित किया गया। वहीं ई-ऑफिस में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 5 कर्मचारियों का भी सम्मान कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।

कलेक्टर ने अधिकारियों और कर्मचारियों को जनहित से जुड़े कार्यों में संवेदनशीलता, जवाबदेही और बेहतर कार्यप्रणाली के साथ कार्य करने के लिए प्रोत्साहित किया।

बैठक में सीईओ जिला पंचायत अभिजीत बबन पठारे, आयुक्त नगर निगम बृजेश सिंह क्षत्रिय, एडीएम अपूर्व प्रियेश टोप्पो, अपर कलेक्टर रवि राही, डॉ. प्रियंका वर्मा, संयुक्त कलेक्टर पूजा बंसल, डिप्टी कलेक्टर धनराज मरकाम और शिल्पा भगत सहित जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Advertisement
Share This Article