बाबाधाम के पास विकास कार्यों में बाधा बन रहे अतिक्रमण पर चला प्रशासन का बुलडोजर
रायगढ़, 12 सितंबर 2026। जिले में विकास कार्यों को गति देने और निर्माण कार्यों में आ रही बाधाओं को दूर करने के लिए शासकीय भूमि को अतिक्रमणमुक्त कराने की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी कड़ी में शनिवार को रायगढ़ तहसील के ग्राम कोसमनारा में बाबाधाम के पास प्रशासन ने अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की।
जेसीबी की मदद से हटाया गया अतिक्रमण
शासन के निर्देश और कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में की गई कार्रवाई के दौरान पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहा। प्रशासनिक टीम ने जेसीबी की सहायता से शासकीय भूमि पर किए गए अतिक्रमण को हटाया।
बताया गया कि बाबाधाम के पास स्वीकृत विकास कार्यों के लिए आवश्यक भूमि पर अतिक्रमण होने के कारण निर्माण कार्य प्रभावित हो रहे थे। कार्रवाई के बाद विकास कार्य के लिए आवश्यक संपूर्ण भूमि को अतिक्रमणमुक्त करा लिया गया।
राजस्व और पुलिस अमला रहा मौजूद
अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के दौरान एसडीएम महेश शर्मा और तहसीलदार शिवकुमार डडसेना सहित राजस्व एवं पुलिस विभाग के अधिकारी-कर्मचारी मौके पर मौजूद रहे। प्रशासन ने पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था के बीच कार्रवाई को पूरा किया।




