अभिषेक कुमार पाण्डेय
रिपोर्टर, बिलासपुर छत्तीसगढ़
एक महीने तक चलेगा ‘सेवा संकल्प अभियान’, स्वच्छता, जागरूकता और जनभागीदारी से जुड़ी होंगी विभिन्न गतिविधियां
बिलासपुर, 12 सितंबर 2026। जिले में जनसेवा, जनभागीदारी और विकसित भारत-2047 के सामूहिक संकल्प को मजबूत करने के उद्देश्य से 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जाएगा। अभियान के तहत प्रत्येक परिवार की भागीदारी सुनिश्चित करते हुए सेवा, स्वच्छता, जागरूकता और शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं से संबंधित विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा।
कलेक्टर संजय अग्रवाल ने अभियान के सफल संचालन के लिए नगर निगम कमिश्नर प्रकाश कुमार सर्वे और जिला पंचायत सीईओ संदीप अग्रवाल को प्रभारी अधिकारी नियुक्त किया है। इसके साथ ही अलग-अलग गतिविधियों के लिए विभागीय एवं नोडल अधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
17 सितंबर को जलेगा ‘आशीर्वाद का दीया’
अभियान की शुरुआत 17 सितंबर की शाम जिला स्तर के साथ रतनपुर और मल्हार मंदिर, महतारी वंदन योजना एवं प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राहियों के घरों सहित प्रत्येक परिवार स्तर पर ‘आशीर्वाद का दीया’ प्रज्वलित कर की जाएगी।
विद्यार्थियों के लिए ड्राइंग और भाषण प्रतियोगिता
‘मेरे सपनों का भारत’ विषय पर विद्यालय स्तर पर ड्राइंग और भाषण प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। ये प्रतियोगिताएं 18 एवं 19 सितंबर, 28 सितंबर, 1 अक्टूबर और 3 अक्टूबर को आयोजित होंगी।
संगीत और नाटक के जरिए पहुंचाया जाएगा सेवा का संदेश
17 से 21 सितंबर, 6 से 10 अक्टूबर तथा 15 से 17 अक्टूबर तक प्रमुख स्थलों पर ‘नमो सेवा अनकही कहानियां’ विषय पर संगीतमय नाटक प्रस्तुत किए जाएंगे। इसके माध्यम से सेवा और जनभागीदारी का संदेश आम लोगों तक पहुंचाया जाएगा।
कई चरणों में होंगे जनभागीदारी से जुड़े कार्यक्रम
अभियान के दौरान 26 सितंबर से 2 अक्टूबर तक ‘आंगन मिलन सेवा’ का आयोजन होगा। वहीं 17 से 21 सितंबर तक ‘सेवा की कहानी’ कार्यक्रम के तहत विभिन्न गतिविधियां संचालित की जाएंगी।
पर्यटन विभाग द्वारा ‘विकसित भारत संकल्प यात्रा’ के तहत बस्तर सहित परिवर्तनकारी स्थलों के भ्रमण की गतिविधि भी आयोजित की जाएगी। 7 अक्टूबर को ‘सेवा ज्योति कलश यात्रा’ निकाली जाएगी।
नदी घाटों की स्वच्छता सहित सेवा गतिविधियां
23 से 25 सितंबर तक ‘सेवा मेरा योगदान’ कार्यक्रम आयोजित होगा। वहीं 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक इसी अभियान के तहत नदी घाटों की स्वच्छता सहित विभिन्न सेवा गतिविधियां संचालित की जाएंगी।
जल संसाधन विभाग के माध्यम से पूरे अभियान के दौरान ‘जल जन सेवा संकल्प’ से जुड़ी गतिविधियां भी आयोजित होंगी।
‘सरकार आपके द्वार’ के तहत लगेंगे शिविर
1 से 5 अक्टूबर तक विकासखंड स्तर पर ‘सेवा सेतु अभियान-सरकार आपके द्वार’ के तहत शिविर आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों के माध्यम से ग्रामीणों को शासन की योजनाओं और सेवाओं से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।
इसके अलावा 29 सितंबर को ‘सेवा के रंग, राष्ट्र के संग’, 9 अक्टूबर को ‘सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज’ तथा अभियान के समापन अवसर पर 17 अक्टूबर को ‘सुशासन सेवा संवाद’ जैसी गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।
अधिकारियों को कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश
कलेक्टर संजय अग्रवाल ने सभी संबंधित नोडल अधिकारियों और विभागों को शासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुरूप कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने सभी कार्यक्रमों का प्रभावी और व्यवस्थित आयोजन सुनिश्चित करने को कहा है, ताकि अभियान में अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी हो सके।




