सेवा संकल्प अभियान को जनभागीदारी से व्यापक बनाने पर जोर

Advertisement
Advertisement

अभिषेक कुमार पाण्डेय

रिपोर्टर, बिलासपुर छत्तीसगढ़

उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने तैयारियों की समीक्षा कर दिए समयबद्ध आयोजन के निर्देश

17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक जिला मुख्यालय से लेकर ग्राम पंचायत स्तर तक होंगे विभिन्न कार्यक्रम

बिलासपुर, 11 सितंबर 2026। उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव ने दन्तेवाड़ा में ‘सेवा संकल्प अभियान’ की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलने वाले अभियान को व्यापक जनभागीदारी के साथ प्रभावी रूप से संचालित करने के निर्देश अधिकारियों को दिए।

जिला मुख्यालय तक सीमित न रहे अभियान

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि अभियान के कार्यक्रम केवल जिला मुख्यालय तक सीमित नहीं होने चाहिए। जनपद, तहसील, नगर पंचायत और ग्राम पंचायत स्तर पर भी गतिविधियों का आयोजन किया जाए, ताकि अभियान का लाभ और संदेश अधिक से अधिक लोगों तक पहुंच सके।

उन्होंने जनप्रतिनिधियों के साथ सामाजिक संगठनों, शैक्षणिक संस्थानों, स्वसहायता समूहों, युवाओं, महिलाओं और वरिष्ठ नागरिकों को भी अभियान से जोड़ने पर जोर दिया।

विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से बनेगा जनसरोकार

समीक्षा बैठक में अभियान के तहत प्रस्तावित गतिविधियों की जानकारी ली गई। ‘आशीर्वाद का दीया’, ‘सेवा की कहानी’, ‘नमो सेवा गाथा’, ‘आंगन का उत्सव’, ‘सेवा ज्योति कलश यात्रा’, ‘सेवा मेरा योगदान’, ‘जल जन सेवा संकल्प’ और ‘सेवा सेतु अभियान-सरकार आपके द्वार’ जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

विद्यालयों में चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिताएं कराई जाएंगी। वहीं आंगनबाड़ी केंद्रों में पोषण जागरूकता से जुड़े कार्यक्रमों के साथ स्वच्छता और जनसेवा संबंधी गतिविधियां भी संचालित होंगी।

दिनवार कार्यक्रम की तैयारी

कलेक्टर श्री देवेश ध्रुव ने जिले में अभियान को लेकर की जा रही तैयारियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि व्यापक जनभागीदारी सुनिश्चित करने के लिए विभिन्न स्तरों पर बैठकें आयोजित की जा रही हैं और दिनवार एवं तिथिवार कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार की जा रही है।

उप मुख्यमंत्री श्री साव ने सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय के साथ नियमित समीक्षा करने और तैयारियों की लगातार निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

सेवा और समर्पण को जनआंदोलन बनाने पर जोर

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘सेवा संकल्प अभियान’ को महज शासकीय कार्यक्रमों की श्रृंखला के रूप में नहीं देखा जाना चाहिए। इसे सेवा, समर्पण और विकसित भारत-2047 के संकल्प को जनभागीदारी के माध्यम से मजबूत करने के अवसर के रूप में आगे बढ़ाया जाए।

समीक्षा बैठक में डीएफओ श्री रामाकृष्ण रंगानाथा वाय., अपर कलेक्टर श्री राजेश पात्र सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Advertisement
Share This Article