मां के सम्मान में लगाया पौधा प्रकृति संरक्षण के संकल्प का प्रतीक: अरुण साव

अभिषेक कुमार पाण्डेय

रिपोर्टर, बिलासपुर छत्तीसगढ़

जगदलपुर की जनजातीय गौरव वाटिका में ‘एक पेड़ मां के नाम 3.0’ अभियान के तहत पौधारोपण, राष्ट्रीय राजमार्ग पर लगेंगे 2500 से अधिक पौधे

जगदलपुर/रायपुर। उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने गुरुवार को जगदलपुर स्थित जनजातीय गौरव वाटिका, कुम्हड़ाकोट में ‘एक पेड़ मां के नाम 3.0’ अभियान के तहत आयोजित हरित राष्ट्रीय राजमार्ग पौधारोपण कार्यक्रम में पौधा लगाया। इस अवसर पर वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री केदार कश्यप और स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने भी पौधारोपण किया।

मां के सम्मान से जुड़ा प्रकृति संरक्षण का संदेश

उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि मां के सम्मान में लगाया गया प्रत्येक पौधा प्रकृति के संरक्षण के प्रति संकल्प का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि पौधारोपण केवल हरियाली बढ़ाने का माध्यम नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए बेहतर पर्यावरण तैयार करने की जिम्मेदारी भी है।

राष्ट्रीय राजमार्ग पर लगाए जाएंगे ढाई हजार से ज्यादा पौधे

उन्होंने बताया कि जगदलपुर राष्ट्रीय राजमार्ग क्षेत्र में 2500 से अधिक पौधे लगाए जाएंगे। नगर निगम और वन विभाग के संयुक्त प्रयास से चलाए जा रहे इस अभियान के तहत सड़क के डिवाइडर और किनारे पौधारोपण किया जाएगा। इससे शहर की हरियाली बढ़ने के साथ-साथ जगदलपुर की सुंदरता में भी इजाफा होने की उम्मीद है।

हरित वातावरण से बढ़ेगा शहर का आकर्षण

अरुण साव ने कहा कि बस्तर में शांति और विकास का माहौल बनने से देश-विदेश से पर्यटकों की आवाजाही बढ़ रही है। ऐसे में जगदलपुर को अधिक सुंदर और सुविधाजनक बनाने के लिए स्वच्छ एवं हरित वातावरण जरूरी है।

वन विभाग और नगर निगम की पहल की सराहना

उप मुख्यमंत्री ने पौधारोपण अभियान के लिए वन विभाग और जगदलपुर नगर निगम की सराहना की। उन्होंने कहा कि शहर के विकास के साथ पर्यावरण संरक्षण को भी प्राथमिकता देना आवश्यक है और ऐसे अभियान इस दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

Share This Article