अभिषेक कुमार पाण्डेय
रिपोर्टर, बिलासपुर छत्तीसगढ़
बिलासपुर में जिला स्तरीय कार्यशाला आयोजित, कलेक्टर ने सभी विभागों को पोर्टल पर पंजीयन और अधोसंरचना कार्यों की एंट्री के दिए निर्देश
बिलासपुर, 10 सितंबर 2026। जिले में अधोसंरचना विकास से जुड़े कार्यों की बेहतर योजना, निगरानी और विभागों के बीच समन्वय को मजबूत करने के उद्देश्य से पीएम गतिशक्ति स्टेट एवं डिस्ट्रिक्ट मास्टर प्लान पोर्टल को लेकर जिला स्तरीय कार्यशाला आयोजित की गई। जिला कार्यालय के मंथन सभाकक्ष में हुई कार्यशाला की अध्यक्षता कलेक्टर संजय अग्रवाल ने की।
अधिकारियों को पोर्टल की कार्यप्रणाली की दी गई जानकारी
कार्यशाला में उद्योग संचालनालय रायपुर से प्रशिक्षण देने पहुंचीं सहायक संचालक कुमुद मिश्रा और जीआईएस एक्सपर्ट प्रिया ने जिला स्तरीय अधिकारियों को पीएम गतिशक्ति पोर्टल के उपयोग और इसके महत्व की जानकारी दी।
अधिकारियों को बताया गया कि पोर्टल के माध्यम से विभिन्न विभागों के अधोसंरचना विकास कार्यों की योजना तैयार करने और उनकी प्रगति पर निगरानी रखने में मदद मिलेगी। परियोजनाओं के लिए आवश्यक स्थान संबंधी जानकारी और एनओसी जैसी जरूरी जानकारियां भी पोर्टल के माध्यम से उपलब्ध कराई जा सकती हैं।
GIS डेटा लेयर्स के एकीकरण पर हुई चर्चा
कार्यशाला में पीएम गतिशक्ति पोर्टल के व्यावहारिक उपयोग के साथ विभिन्न GIS डेटा लेयर्स के एकीकरण, अधोसंरचना परियोजनाओं की मॉनिटरिंग और विभागीय समन्वय जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।
अधिकारियों को पोर्टल पर उपलब्ध सुविधाओं का प्रशिक्षण भी दिया गया, ताकि विभाग अपने स्तर पर विकास परियोजनाओं से संबंधित जानकारी को व्यवस्थित रूप से दर्ज और उपयोग कर सकें।
सभी विभागों को पोर्टल पर पंजीयन के निर्देश
कलेक्टर संजय अग्रवाल ने जिले के सभी विभागों के जिला स्तरीय अधिकारियों को पीएम गतिशक्ति पोर्टल पर अपना पंजीयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने विभागों से संबंधित अधोसंरचना विकास कार्यों की आवश्यक जानकारी पोर्टल पर दर्ज करने को भी कहा।
जिले में तीन पीएम गतिशक्ति विशेषज्ञ होंगे नामित
कलेक्टर ने जिले से तीन पीएम गतिशक्ति विशेषज्ञ (PMGS Expert) नामित करने के निर्देश भी दिए। इन विशेषज्ञों की मदद से पोर्टल के उपयोग को बढ़ावा देने, विभागों को तकनीकी सहयोग उपलब्ध कराने और पीएम गतिशक्ति से जुड़े कार्यों के प्रभावी क्रियान्वयन में तेजी लाने का उद्देश्य है।
कार्यशाला में संबंधित विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।
