9वें शिक्षक सम्मान समारोह में शाल-श्रीफल से किया गया सम्मान, शिक्षा और समाजसेवा में योगदान की सराहना
रायगढ़। तपस्या समिति, गौशाला पारा-सतीगुड़ी चौक रायगढ़ द्वारा 9वें शिक्षक सम्मान समारोह का भव्य आयोजन गौशाला पारा स्थित सामुदायिक भवन में किया गया। कार्यक्रम का आयोजन जिला कांग्रेस कमेटी रायगढ़ (शहरी) के अध्यक्ष एवं पार्षद श्री शाखा यादव तथा पार्षद श्री विकास ठेठवार के संयुक्त तत्वावधान में हुआ।

दीप प्रज्ज्वलन के साथ कार्यक्रम की शुरुआत
समारोह में वरिष्ठ पार्षद सलीम नियारिया, संस्कार पब्लिक स्कूल के संचालक एवं प्रख्यात शिक्षाविद् रामचन्द्र शर्मा, अरुण गुप्ता, जिला कांग्रेस कमेटी रायगढ़ (ग्रामीण) के अध्यक्ष नगेन्द्र नेगी, यतीश गांधी, रिंकी पांडे, संगीता गुप्ता सहित बड़ी संख्या में वार्डवासी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ सर्वपल्ली डॉ. राधाकृष्णन के छायाचित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर एवं माल्यार्पण के साथ किया गया। समारोह में मंचासीन अतिथियों एवं शिक्षकों ने शिक्षा और शिक्षक की भूमिका पर अपने विचार व्यक्त किए।
डॉ. मनीषा त्रिपाठी का विशेष सम्मान
समारोह में सेवानिवृत्त एवं कार्यरत शताधिक शिक्षकों की मौजूदगी में शिक्षाविद् एवं राज्यपाल पुरस्कार से सम्मानित डॉ. मनीषा त्रिपाठी, प्रधान पाठक, का विशेष सम्मान किया गया। समिति की ओर से उन्हें शाल एवं श्रीफल भेंट कर शिक्षा के क्षेत्र में उनके योगदान के लिए सम्मानित किया गया।
डॉ. त्रिपाठी को शिक्षा, साहित्य और समाजसेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए पूर्व में भी अनेक सम्मान प्राप्त हो चुके हैं। उन्हें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर चार बार तथा गणतंत्र दिवस पर तीन बार तत्कालीन प्रभारी मंत्रियों द्वारा सम्मानित किया जा चुका है।
अनेक प्रतिष्ठित सम्मानों से हो चुकी हैं सम्मानित
डॉ. मनीषा त्रिपाठी को मुख्यमंत्री गौरव अलंकरण शिक्षादूत पुरस्कार, राज्यपाल पुरस्कार, नारी शक्ति सम्मान, आदर्श शिक्षक अवार्ड और साहित्य-सेवा सम्मान सहित विभिन्न सामाजिक एवं शैक्षणिक संस्थाओं द्वारा सम्मानित किया जा चुका है।
समारोह में वक्ताओं ने उनके बहुआयामी व्यक्तित्व और शिक्षा के प्रति समर्पण की सराहना की। उन्हें एक अनुशासित, कर्मठ एवं ईमानदार प्रधान पाठक के रूप में शिक्षकीय समाज में विशिष्ट पहचान रखने वाला बताया गया।
शुभचिंतकों ने दी बधाई
सम्मान समारोह के दौरान उपस्थित शिक्षकों एवं गणमान्य नागरिकों ने डॉ. मनीषा त्रिपाठी को उनकी उपलब्धियों के लिए शुभकामनाएं दीं। सभी ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए शिक्षा एवं समाजसेवा के क्षेत्र में इसी तरह सक्रिय योगदान जारी रखने की अपेक्षा व्यक्त की।


