धरमजयगढ़ में स्कूल से घर लौट रही छात्राओं के सामने वीडियो बनाकर Instagram पर किया था पोस्ट, सोशल मीडिया पर वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने लिया संज्ञान
स्कूल से घर लौट रही थीं छात्राएं
रायगढ़, 7 सितंबर 2026। धरमजयगढ़ क्षेत्र में स्कूल से घर जा रही छात्राओं के सामने एक युवक द्वारा अश्लील गाना गाते हुए वीडियो बनाकर Instagram पर पोस्ट करने का मामला सामने आया है। वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित होने की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने मामले को संज्ञान में लिया।
Instagram ID से युवक तक पहुंची पुलिस
धरमजयगढ़ पुलिस ने वीडियो से जुड़े Instagram अकाउंट के आधार पर युवक की पहचान की। पुलिस ने जयदेव मंडल, उम्र 25 वर्ष, पिता समरेत मंडल, निवासी धरमजयगढ़ कॉलोनी को तलब कर वीडियो के संबंध में पूछताछ की। पूछताछ में युवक ने अपने मोबाइल से उक्त वीडियो बनाने की बात स्वीकार की।
एसडीओपी ने दी कड़ी समझाइश
एसडीओपी धरमजयगढ़ श्री सिद्धांत तिवारी ने युवक को सोशल मीडिया के जिम्मेदाराना उपयोग को लेकर कड़ी समझाइश दी। उन्होंने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक स्थानों पर महिलाओं एवं छात्राओं को असहज करने वाले अशोभनीय कृत्य का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर प्रसारित करना उचित नहीं है।
युवक ने मांगी माफी, दोबारा गलती नहीं करने का आश्वासन
पुलिस की समझाइश के बाद युवक ने अपने कृत्य पर माफी मांगी। साथ ही भविष्य में इस प्रकार की घटना की पुनरावृत्ति नहीं करने की बात कही।
सोशल मीडिया पर जिम्मेदारी से पोस्ट करने की नसीहत
एसडीओपी धरमजयगढ़ श्री सिद्धांत तिवारी ने कहा कि सोशल मीडिया का उपयोग सकारात्मक, जिम्मेदार और कानून के दायरे में रहकर किया जाना चाहिए। किसी व्यक्ति की गरिमा को ठेस पहुंचाने, अश्लीलता फैलाने अथवा कानून-व्यवस्था को प्रभावित करने वाली सामग्री सोशल मीडिया पर पोस्ट करने से बचना चाहिए।
रायगढ़ पुलिस की सोशल मीडिया पर पैनी नजर
रायगढ़ पुलिस की सोशल मीडिया मॉनिटरिंग सेल द्वारा विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म की लगातार निगरानी की जा रही है। पुलिस के अनुसार, सोशल मीडिया पर भड़काऊ, अशोभनीय अथवा कानून-व्यवस्था को प्रभावित करने वाली गतिविधियां सामने आने पर संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाती है।




