शहडोल स्टेशन एवं शहडोल-अनूपपुर सेक्शन में चला “नाका टिकट चेकिंग अभियान

Advertisement
Advertisement

बिना टिकट व अनियमित टिकट यात्रा के 274 मामलों में 2.47 लाख रुपये से अधिक का जुर्माना वसूला गया ।

अभिषेक कुमार पाण्डेय@बिलासपुर –  07  सितम्बर 2026

दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, बिलासपुर मंडल द्वारा यात्रियों को सुगम व सुविधाजनक रेल यात्रा उपलब्ध कराने, रेलवे नियमों के पालन सुनिश्चित करने तथा बिना टिकट एवं अनियमित यात्रा पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से निरंतर टिकट चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है।

इसी क्रम में दिनांक 06 सितम्बर 2026 को वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक श्री अनुराग कुमार सिंह के मार्गदर्शन तथा सहायक वाणिज्य प्रबंधक श्री डीएस चौहान के नेतृत्व में मंडल के शहडोल स्टेशन एवं शहडोल-अनूपपुर सेक्शन में नाका टिकट चेकिंग अभियान चलाया गया। जिसमें वाणिज्य निरीक्षक, मुख्य टिकट निरीक्षक एवं टीटीई स्टाफ शामिल थे।

इस अभियान के दौरान शहडोल स्टेशन एवं शहडोल-अनूपपुर सेक्शन से गुजरने वाली 05 ट्रेनों की सघन जांच कर कुल 274 मामलों से कुल 2,47,535 रुपये का जुर्माना वसूला गया। जिसमें बिना टिकट यात्रा के 269 मामलों से 02 लाख 43 हजार 985 रुपये तथा अनियमित टिकट के 05 मामलों से 03 हजार 550 रुपये का जुर्माना शामिल है |

रेल प्रशासन यात्रियों से अपील करता है कि वे यात्रा प्रारंभ करने से पूर्व उचित यात्रा टिकट अवश्य लें तथा स्टेशन परिसर में प्रवेश हेतु प्लेटफॉर्म टिकट खरीदें। साथ ही गंदगी फैलाने एवं धूम्रपान न करते हुये रेलगाड़ी एवं रेलवे परिसर को स्वच्छ बनाए रखने में सहयोग करें |

Advertisement
Share This Article