सड़क पर चाकू लहराकर दहशत फैला रहा था गिलू, सिटी कोतवाली पुलिस ने दबोचा

Advertisement
Advertisement

अभिषेक कुमार पाण्डेय

रिपोर्टर, बिलासपुर छत्तीसगढ़

मिनी स्टेडियम के पास राहगीरों को धमका रहा था आरोपी, धारदार चाकू बरामद; न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया

बिलासपुर। सार्वजनिक स्थान पर धारदार हथियार लेकर लोगों को डराने-धमकाने वाले एक युवक के खिलाफ सिटी कोतवाली पुलिस ने कार्रवाई की है। मिनी स्टेडियम गवर्नमेंट स्कूल के पास चाकू लहराकर राहगीरों में भय का माहौल पैदा करने के आरोप में पुलिस ने 22 वर्षीय शेख ईमारान उर्फ शेख मूसा उर्फ गिलू को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से धारदार चाकू बरामद किया गया है। कार्रवाई के बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

मिनी स्टेडियम के पास हथियार लेकर घूमने की मिली सूचना

पुलिस के अनुसार, 4 सितंबर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि फजल बाड़ा, गांधी चौक के पास रहने वाला शेख ईमारान उर्फ शेख मूसा उर्फ गिलू मिनी स्टेडियम गवर्नमेंट स्कूल के आसपास धारदार हथियार लेकर घूम रहा है।

बताया गया कि आरोपी आने-जाने वाले लोगों को चाकू दिखाकर धमका रहा था। सूचना मिलते ही पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल कार्रवाई की तैयारी शुरू की।

वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर मौके पर पहुंची टीम

सूचना से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनीश सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर पंकज कुमार पटेल और नगर पुलिस अधीक्षक गगन कुमार को अवगत कराया गया। अधिकारियों के निर्देश पर सिटी कोतवाली पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की।

पुलिस टीम ने आरोपी को मौके से पकड़ लिया और उसकी तलाशी ली।

आरोपी के कब्जे से धारदार चाकू बरामद

तलाशी के दौरान पुलिस ने आरोपी के पास से एक धारदार चाकू बरामद कर जब्त किया। इसके बाद सिटी कोतवाली थाने में आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 502/2026 दर्ज किया गया।

मामले में धारा 25 एवं 27 आर्म्स एक्ट के तहत वैधानिक कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया गया।

न्यायालय के आदेश पर जेल दाखिल

गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया। न्यायालय के आदेश पर उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक स्थानों पर हथियार लेकर दहशत फैलाने, चाकूबाजी और अड़ेबाजी जैसी गतिविधियों को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसे तत्वों के खिलाफ आगे भी कार्रवाई जारी रखने की बात पुलिस ने कही है।

Advertisement
Share This Article