नेहरू चौक से गांधी चौक तक निकली पदयात्रा, विभिन्न समाजों और समुदायों के लोगों ने एकजुट होकर दिया सद्भाव का संदेश
बिलासपुर, 3 सितंबर 2026। शहर में शांति, सामाजिक सौहार्द और आपसी भाईचारे को मजबूत करने के उद्देश्य से गुरुवार को बिलासपुर में शांति मार्च निकाला गया। कलेक्टर संजय अग्रवाल और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के नेतृत्व में आयोजित इस मार्च में विभिन्न समाजों एवं समुदायों के प्रतिनिधियों, शांति समिति के सदस्यों, जनप्रतिनिधियों, गणमान्य नागरिकों, मीडिया प्रतिनिधियों और बड़ी संख्या में शहरवासियों ने भाग लिया।

शांति मार्च नेहरू चौक से प्रारंभ होकर शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए गांधी चौक पहुंचा, जहां इसका समापन हुआ। मार्च में शामिल लोगों ने आपसी एकता, सद्भाव और शांतिपूर्ण वातावरण बनाए रखने का सामूहिक संदेश दिया।
अफवाहों से बचने कलेक्टर ने किया नागरिकों से आह्वान
कलेक्टर संजय अग्रवाल ने कहा कि बिलासपुर की पहचान लंबे समय से शांति, सौहार्द और आपसी भाईचारे वाले शहर के रूप में रही है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि किसी भी प्रकार की अफवाह या भ्रामक जानकारी पर विश्वास न करें और बिना सत्यापन के ऐसी सूचनाओं को आगे प्रसारित करने से बचें।

उन्होंने कहा कि शहर में शांतिपूर्ण वातावरण बनाए रखने और नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन पूरी तरह सतर्क है।
एसएसपी बोले- विवाद की स्थिति में कानून हाथ में न लें
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह ने कहा कि बिलासपुर में शांति और सामान्य स्थिति बनाए रखने में नागरिकों, विभिन्न समाजों तथा मीडिया की भूमिका महत्वपूर्ण रही है। उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी भी विवाद या अफवाह की स्थिति में स्वयं कानून हाथ में लेने के बजाय तत्काल पुलिस अथवा प्रशासन को सूचना दें।

उन्होंने कहा कि आपसी सहयोग, संयम और जिम्मेदारी के साथ ही शहर की शांति व्यवस्था को मजबूत बनाए रखा जा सकता है।
सभी वर्गों ने जताई शांति बनाए रखने की प्रतिबद्धता
शांति मार्च में शामिल विभिन्न समाजों एवं समुदायों के प्रतिनिधियों ने कहा कि बिलासपुर सभी वर्गों का साझा शहर है और इसकी पहचान सामाजिक एकता तथा भाईचारे से जुड़ी है। प्रतिनिधियों ने प्रशासन और पुलिस को शांति एवं सौहार्द बनाए रखने में हरसंभव सहयोग देने की प्रतिबद्धता जताई।

शांति समिति के निर्णय के बाद हुआ आयोजन
हालिया घटनाक्रम के बाद आयोजित शांति समिति की बैठक में शहर की शांति और सामाजिक सद्भाव को बनाए रखने के लिए 3 सितंबर को शांति मार्च निकालने का निर्णय लिया गया था। बैठक में समिति के सदस्यों ने प्रशासन और पुलिस को कानून-व्यवस्था तथा सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाए रखने में सहयोग का भरोसा दिलाया था।
गुरुवार को हुए मार्च में विभिन्न वर्गों की व्यापक भागीदारी ने इस निर्णय को सामूहिक समर्थन दिया और शहर की शांतिप्रिय परंपरा का संदेश सामने रखा।
प्रशासन और पुलिस के अधिकारी भी रहे मौजूद
शांति मार्च में नगर निगम आयुक्त प्रकाश कुमार सर्वे, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी संदीप अग्रवाल सहित विभिन्न समाजों एवं समुदायों के प्रमुख, शांति समिति के सदस्य, मीडिया प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में नागरिक शामिल हुए। प्रशासन एवं पुलिस के अधिकारी-कर्मचारी भी पूरे आयोजन के दौरान मौजूद रहे।
एकजुटता का संदेश लेकर आगे बढ़ा बिलासपुर
शांति मार्च के माध्यम से शहरवासियों ने स्पष्ट संदेश दिया कि किसी भी परिस्थिति में सामाजिक एकता, आपसी भाईचारे और सद्भाव को कमजोर नहीं होने दिया जाएगा। नागरिकों ने मिलकर शांतिपूर्ण वातावरण को बनाए रखने और बिलासपुर की सामाजिक एकजुटता को और मजबूत करने का संकल्प दोहराया।
अभिषेक कुमार पाण्डेय
रिपोर्टर, बिलासपुर छत्तीसगढ़


