साइकिल रिक्शा में लोहा खपाने निकले दो संदिग्ध पकड़े गए, दस्तावेज नहीं दिखा सके आरोपी
बिलासपुर/बिल्हा, 3 सितंबर 2026। जिले में अवैध कबाड़ के कारोबार और चोरी की सामग्री की खरीद-फरोख्त पर रोक लगाने के लिए चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत बिल्हा पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को पकड़ा है। पुलिस के अनुसार दोनों साइकिल रिक्शा में बड़ी मात्रा में लोहे का कबाड़ लेकर उसे बेचने के लिए ले जा रहे थे। पुलिस ने उनके कब्जे से कुल 310 किलोग्राम लोहे का कबाड़ बरामद किया है।
भैंसबोड़ फाटक के पास पुलिस ने दबोचा
एसएसपी रजनेश सिंह के निर्देश पर जिले में कबाड़ कारोबार से जुड़े संदिग्ध लोगों और चोरी की सामग्री के परिवहन पर निगरानी की जा रही है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मधुलिका सिंह और सीएसपी चकरभाठा राजेश जोशी के मार्गदर्शन में बिल्हा पुलिस को 3 सितंबर को मुखबिर से सूचना मिली कि दो व्यक्ति साइकिल रिक्शा में लोहे का कबाड़ लेकर भैंसबोड़ फाटक की ओर से गुजरने वाले हैं।
सूचना के आधार पर थाना प्रभारी निरीक्षक तोपसिंह नवरंग के नेतृत्व में पुलिस टीम ने क्षेत्र में घेराबंदी की और दोनों संदिग्धों को रोककर पूछताछ की।
सामान के दस्तावेज नहीं दिखा सके
पुलिस के मुताबिक रिक्शे में लदे लोहे के संबंध में दोनों से वैध दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वे संतोषजनक जानकारी अथवा दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद पुलिस ने कबाड़ को जब्त कर आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई शुरू की।
पुलिस जांच में आरोपियों द्वारा चोरी के लोहे की खरीद-बिक्री किए जाने की बात सामने आने का दावा किया गया है।
भानु प्रताप के कब्जे से 150 किलो कबाड़
पुलिस ने मिनीबस्ती, थाना सिविल लाइन निवासी भानु प्रताप चतुर्वेदी (29) को पकड़ा। उसके पास से लोहे की छड़ और टीना सहित करीब 150 किलोग्राम कबाड़ जब्त किया गया। उसके विरुद्ध इस्तगाशा क्रमांक 02/2026 दर्ज किया गया है।
मुकेश दास से 160 किलो सामग्री बरामद
दूसरे आरोपी मुकेश दास मानिकपुरी (29) निवासी बोडसरा, थाना हिर्री के कब्जे से लोहे की छड़, टीना और अन्य कबाड़ बरामद किया गया। पुलिस के अनुसार जब्त सामग्री का वजन करीब 160 किलोग्राम है। उसके विरुद्ध इस्तगाशा क्रमांक 03/2026 की कार्रवाई की गई।
कुल 310 किलो कबाड़ और रिक्शा जब्त
दोनों आरोपियों के कब्जे से पुलिस ने कुल 310 किलोग्राम लोहे का कबाड़ बरामद किया। इसके अलावा कबाड़ के परिवहन में इस्तेमाल किए जा रहे साइकिल रिक्शे को भी जब्ती में लिया गया है।
पुलिस के अनुसार दोनों आरोपियों के खिलाफ भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 35(1)(1-4) और भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 303(2) के तहत कार्रवाई की गई है।
कार्रवाई में पुलिस टीम की अहम भूमिका
पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक तोपसिंह नवरंग, पीएसआई मंजुला साहू, रोशनी ध्रुव, प्रधान आरक्षक अमर चंद्रा, अनिल बंजारे तथा आरक्षक अर्जुन जांगड़े और संतोष मरकाम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
अवैध कबाड़ कारोबार पर अभियान रहेगा जारी
बिल्हा पुलिस ने कहा है कि क्षेत्र में चोरी की सामग्री की खरीद-बिक्री और अवैध कबाड़ कारोबार से जुड़े लोगों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। पुलिस ने स्पष्ट किया कि ऐसे कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।
अभिषेक कुमार पाण्डेय
रिपोर्टर, बिलासपुर छत्तीसगढ़


