विद्यालय परिसर बना गोकुल, फोटोग्राफर रोहन तावड़कर ने बच्चों के यादगार पलों को कैमरे में किया कैद
सिरगिट्टी। नवीन प्राथमिक शाला सिरगिट्टी में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व उत्साह, उमंग और भक्ति के वातावरण में मनाया गया। जन्माष्टमी के अवसर पर विद्यालय परिसर में बच्चों की राधा-कृष्ण रूप सज्जा ने ऐसा मनमोहक दृश्य प्रस्तुत किया कि पूरा वातावरण मानो गोकुल में बदल गया। कक्षा पहली से पांचवीं तक के करीब 90 बच्चों ने राधा और श्रीकृष्ण का रूप धारण कर कार्यक्रम में हिस्सा लिया।

मोर मुकुट और बांसुरी के साथ सजे नन्हे कान्हा
रूप सज्जा प्रतियोगिता में बच्चों ने पारंपरिक परिधानों के साथ राधा-कृष्ण का मनमोहक स्वरूप धारण किया। नन्हे कान्हाओं के सिर पर मोर मुकुट, हाथों में बांसुरी और राधा के रूप में सजी बच्चियों ने सभी का ध्यान आकर्षित किया। बच्चों की मासूम अदाओं और आकर्षक वेशभूषा ने विद्यालय परिसर को उत्सवमय बना दिया।
90 बच्चों का हुआ विशेष फोटो शूट
कार्यक्रम के संयोजक योगेश सर के आग्रह पर शहर के फोटोग्राफर रोहन तावड़कर अपनी टीम के साथ विद्यालय पहुंचे। उन्होंने राधा-कृष्ण के रूप में तैयार सभी 90 बच्चों का अलग-अलग फोटो शूट किया।
रोहन तावड़कर ने इस अवसर पर घोषणा की कि प्रत्येक बच्चे को उसके फोटो की एक प्रिंट प्रति निःशुल्क उपलब्ध कराई जाएगी। इससे बच्चों और उनके परिवारों के लिए जन्माष्टमी का यह आयोजन एक यादगार स्मृति बन गया।
दो वर्षों से विद्यालय के आयोजनों में दे रहे निःस्वार्थ सेवाएं
विद्यालय प्रबंधन के अनुसार रोहन तावड़कर पिछले करीब दो वर्षों से शाला के विभिन्न कार्यक्रमों में अपनी फोटोग्राफी सेवाएं निःस्वार्थ भाव से उपलब्ध करा रहे हैं। उनके इस योगदान के लिए शिक्षिका श्रीमती शशि सिंह ने उनका श्रीफल भेंट कर स्वागत किया और स्मृति चिन्ह प्रदान करते हुए आभार व्यक्त किया।
उपहार पाकर खिल उठे बच्चों के चेहरे
रूप सज्जा प्रतियोगिता में शामिल सभी बच्चों को विद्यालय परिवार की ओर से आकर्षक वॉटर बॉटल उपहार के रूप में प्रदान की गई। उपहार मिलने के बाद बच्चों में खासा उत्साह नजर आया और उनके चेहरों पर खुशी साफ दिखाई दी।
शिक्षिकाओं की सक्रिय भूमिका रही महत्वपूर्ण
कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय की शिक्षिकाओं श्रीमती मुमताज बेगम खान, श्रीमती सुमन बड़ा, श्रीमती पूर्णिमा पात्रे और श्रीमती सीता रजक की सक्रिय भूमिका रही। उनकी उपस्थिति और सहयोग से पूरा आयोजन व्यवस्थित एवं उत्साहपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ।
संस्कृति से जुड़ाव का माध्यम बना आयोजन
जन्माष्टमी के इस आयोजन ने बच्चों को भारतीय संस्कृति और धार्मिक परंपराओं से जोड़ने का अवसर दिया। राधा-कृष्ण के रूप में सजे नन्हे बच्चों की मौजूदगी से विद्यालय परिसर में उत्सव और उल्लास का माहौल बना रहा। आयोजन ने बच्चों के लिए मनोरंजन के साथ-साथ अपनी सांस्कृतिक विरासत को समझने और उसे आत्मसात करने का सुंदर अवसर भी प्रदान किया।
अभिषेक कुमार पाण्डेय
रिपोर्टर, बिलासपुर छत्तीसगढ़




